भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी, हांगकांग सिक्सेस में संभालेंगे कप्तानी

अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी हुई है। वह हांगकांग सिक्सेस के लिए घोषित भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। उनके साथ क्रुणाल पांड्या, नितीश राणा, शशांक सिंह और टी नटराजन जैसे खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं। भुवनेश्वर कुमार लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नवंबर 2022 में खेला था। हालांकि, इस बार उनकी वापसी सीनियर टीम में नहीं, बल्कि हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट के लिए हुई है। भारतीय टीम का ऐलान सोमवार, 5 अक्टूबर को किया गया।

भुवनेश्वर के अलावा टीम में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके क्रुणाल पांड्या और नितीश राणा भी शामिल हैं। ऐसे में यह टूर्नामेंट भुवनेश्वर के लिए एक बार फिर भारतीय जर्सी में मैदान पर उतरने का मौका होगा।

30 अक्टूबर से शुरू होगा टूर्नामेंट

हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट की शुरुआत 30 अक्टूबर से होगी और इसका फाइनल मुकाबला 1 नवंबर को खेला जाएगा। टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है।

पूल A: हांगकांग चीन, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड
पूल B: श्रीलंका, बांग्लादेश और स्कॉटलैंड
पूल C: भारत, पाकिस्तान और यूएई
पूल D: दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान और ओमान

टूर्नामेंट का विस्तृत फिक्स्चर अभी जारी नहीं किया गया है। इसलिए भारतीय टीम का पहला मुकाबला किस तारीख और किस टीम के खिलाफ होगा, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

हांगकांग सिक्सेस के लिए भारतीय टीम

भुवनेश्वर कुमार (कप्तान), क्रुणाल पांड्या, शशांक सिंह, नितीश राणा, टी नटराजन, राहुल तेवतिया और राहुल त्रिपाठी।

कैसा रहा भुवनेश्वर का अंतरराष्ट्रीय करियर?

भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेला है। उन्होंने 21 टेस्ट, 121 वनडे और 87 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं।

टेस्ट क्रिकेट की 37 पारियों में उनके नाम 63 विकेट हैं। वनडे में उन्होंने 120 पारियों में 141 विकेट लिए हैं, जबकि टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम 90 विकेट दर्ज हैं।

भुवनेश्वर 2022 से भारत की व्हाइट-बॉल टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं। वहीं, वह टेस्ट टीम से 2018 में ही बाहर हो गए थे। अब हांगकांग सिक्सेस में उनकी वापसी के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि वह टूर्नामेंट में कैसा प्रदर्शन करते हैं और क्या भविष्य में सीनियर भारतीय टीम में वापसी का मौका बना पाते हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha