
पर्यटन मंत्री ने सट्टे पर प्रभावी कार्यवाही करने के दिए अधिकारियों को निर्देश
सट्टे के कारोबार में फसकर गरीब तबका हो रहा है बर्बाद
मुहल्ला खेड़ा थाने के पीछे सट्टा परची लिखता कारोबारी
भास्कर समाचार सेवा
घिरोर।मैनपुरी घिरोर कस्बे में सट्टे का कारोबार पुलिस के लाख प्रयास के बावजूद भी रोके नहीं रूक रहा है। सट्टा कारोबारियों पर 10 दिन पूर्व थानाध्यक्ष नरेन्द्रपाल सिंह ने बड़ी कार्यवाही कर एक दर्जन से अधिक सटोरियों को दबोचा था लेकिन उसके बावजूद भी सट्टे का कार्य कस्बे की गली कूचों में फिर तेजी से पनप रहा है। सट्टे के कारोबार की चपेट में आकर गरीब व मध्यम वर्ग के लोग अपनी महनत की कमाई को सट्टे में उड़ा रहे हैं। कस्बे के मुहल्ला फर्रास व मुहल्ला खेड़ा वार्ड नं0 06 थाने के पीछे तथा मुहल्ला जैन गोदना, अलालपुर सहित अन्य स्थानों पर सट्टे का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। पुलिस इन सटोरियों पर मामूली कार्यवाही करती है। जिससे इनके होसले बुलंद रहते हैं। पुलिस को सट्टे पर रोक लगाने के लिये सट्टा कारोबारियों पर संगीन धाराओं में कार्यवाही करनी चाहिए। जिससे इनके बड़े हुए हौसले ध्वस्त हो सके। इस सम्बनधं में प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सट्टे के कारोबार का संज्ञान लेते हुए कहा था कि जल्द ही सट्टे कारोबारियों की कमर तोड़ी जायेगी इनके खिलाफ पुलिस की एक अलग से टीम गठित की जायेगी। जो सट्टा कारोबारियों पर सटीक कार्यवाही करेगी। इसके अलावा जिस इलाके में सट्टा चलता मिलेगा वहां के सम्बन्धित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।













