प्रयागराज जंक्शन पर बड़ा खुलासा: यूट्यूब से सीखा ‘फर्जी नोट’ से ठगी का तरीका, दिल्ली के पहाड़गंज से जुड़े हैं गिरोह के तार!

प्रयागराज : जंक्शन पर फर्जी नोटों जैसी गड्डियों के साथ गिरफ्तार बीकानेर निवासी रामनिवास से पूछताछ में कई जानकारियां सामने आई हैं। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने लोगों को फर्जी नोटों जैसी गड्डियां देकर ठगने का तरीका यू-ट्यूब से सीखा था। इसके बाद उसने दिल्ली के पहाड़गंज में रहने वाले एक गिरोह से संपर्क किया और ऐसी गड्डियां खरीदकर अलग-अलग शहरों में लोगों को ठगता था। जांच में पता चला कि आरोपी लोगों को विश्वास में लेने के लिए कहता था कि उसके पास काफी नकदी है, लेकिन उसे तत्काल ऑनलाइन भुगतान की जरूरत है।

वह लालच देता था कि यदि उसे ऑनलाइन रुपये दिए जाएं, तो वह नकद में अधिक रकम देगा। आरोपी पांच लाख रुपये के ऑनलाइन भुगतान के बदले 5.50 लाख रुपये देने का झांसा देता था। इन गड्डियों के ऊपर और नीचे असली नोटों जैसी छपाई होती थी, जबकि बीच में सादे कागज रखे होते थे। वह हर गड्डी तय कीमत पर खरीदता था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि एक गड्डी के लिए उसने कितनी रकम चुकाई और उसे गड्डियां किसने उपलब्ध कराईं।

इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी यहां गिरोह के किसी सदस्य से मिलने या ये गड्डियां सौंपने की तैयारी में तो नहीं था। जीआरपी प्रभारी अकलेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज में उसके संभावित संपर्कों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment