Bijnor : 100 की शर्त ने ली किशोर की जान, 18 घंटे बाद नदी से मिला शाबान का शव, दूसरे दोस्त की तलाश जारी

Kiratpur, Bijnor : मंडावर रोड स्थित मालन नदी में शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक हादसे में शनिवार को करीब 18 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने एक किशोर का शव बरामद कर लिया, जबकि दूसरे लापता किशोर की तलाश समाचार लिखे जाने तक जारी थी।

जानकारी के अनुसार, किरतपुर के मोहल्ला राधगान निवासी शाबान पुत्र शादाब 16 वर्ष, अलीम पुत्र आजम 15 वर्ष तथा सादीम पुत्र शाहआलम 17 वर्ष शुक्रवार शाम मालन नदी पुल पर नहाने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों दोस्तों के बीच पुल से नदी में छलांग लगाकर नहर पार करने और वापस पुल तक पहुंचने को लेकर ₹100 की शर्त लगी थी। इसी दौरान तीनों ने पुल से छलांग लगा दी, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण नदी में आए तेज बहाव ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के दौरान सादीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि शाबान और अलीम तेज बहाव में बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, गोताखोरों तथा स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पूरी रात चले अभियान के बाद शनिवार को करीब 18 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाबान का शव नदी किनारे मिट्टी में दबा हुआ बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

वहीं, अलीम की तलाश समाचार लिखे जाने तक जारी थी। रेस्क्यू टीम नदी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार खोजबीन कर रही है। प्रशासन का कहना है कि लापता किशोर का पता चलने तक अभियान जारी रहेगा।

बताया गया कि शाबान अपने परिवार में चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और मदरसे में कक्षा-5 का छात्र था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शनिवार को परिजनों ने गमगीन माहौल में शाबान को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।

इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में उफनाई नदियों, नहरों और तेज बहाव वाले जलाशयों से दूर रहें तथा बच्चों को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकें। थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

पालिकाध्यक्ष अब्दुल मन्नान ने दिया सराहनीय योगदान

दो दिन से चल रहे गोताखोरों के रेस्क्यू ऑपरेशन में किरतपुर के चेयरमैन अब्दुल मन्नान, उनके भाई फैजान सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा, जो सराहनीय है। चेयरमैन अब्दुल मन्नान और उनके भाई फैजान अभी तक मालन नदी पर मौजूद हैं और दूसरे युवक की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment