Bijnor : सड़क समझकर तालाब में उतरा तहसील कर्मी, डूबने से मौत

Mandawar, Bijnor : जनपद बिजनौर के थाना मंडावर क्षेत्र के गोपालपुर गांव में भारी बारिश के कारण सड़क पर हुए जलभराव को पार करते समय एक तहसील संविदा कर्मी तालाब में जा धंसा और मौत के मुंह में समा गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तालाब की गाद में धंसी लाश की तलाश की जा रही है।

बुधवार की पूरी रात हुई भारी बारिश ने क्षेत्र के गांवों की गलियों और सड़कों को जलभराव से तालाब में तब्दील कर दिया। थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर में रातभर हुई बारिश के बाद गांव में चारों ओर पानी ही पानी नजर आने लगा। जलभराव की स्थिति में सड़क और तालाब का अंतर मिट गया।

बृहस्पतिवार सुबह अशोक कुमार, पुत्र शेर सिंह, उम्र 50 वर्ष, जलभराव के कारण भ्रमित हो गए। सड़क पर भरे पानी को पार करते समय वह अचानक गहरे तालाब में जा धंसे और देखते ही देखते उसमें डूब गए। जब तक गांव के लोग उन्हें निकालने के लिए पहुंचे, तब तक अशोक का शव पानी में डूबकर तालाब की गाद में धंस चुका था। अशोक तहसील में संविदा कर्मी थे।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बरसाती पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से गलियों और सड़कों पर तालाब जैसी स्थिति बन गई है। सड़क किनारे स्थित तालाब और जलभराव एक जैसे नजर आ रहे हैं। यही स्थिति अशोक के हादसे का कारण बनी। इस घटना से गांव में शोक व्याप्त है।

सूचना मिलते ही बालावाली चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब की गाद में धंसे संविदा कर्मी के शव की तलाश में जुट गई।

तहसीलदार सदर आशीष सक्सेना ने बताया कि गोताखोर तलाश में लगे हैं। मृतक के परिवार को दैवीय आपदा कोष से सहायता दिलाई जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha