
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में दोपहर बाद करीब चार बजे दिनदहाड़े तमंचे के बल पर बाइक लूट की सनसनीखेज वारदात से सनसनी फैल गई। दो मासूम बच्चों के साथ जा रहे एक युवक को बेखौफ बदमाश ने असलहा दिखाकर रोक लिया और उसकी बाइक लेकर चंपत हो गया। हैरत की बात यह रही कि लूट का विरोध करने और पीड़ित की मदद के लिए पहुंचे एक अन्य युवक पर भी बदमाश टूट पड़ा और हाथापाई के दौरान उसे दो बार दांत से काटकर घायल कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से समूचे इलाके में दहशत का माहौल है।
मासूम बच्चों के साथ जा रहे पिता से छीनी बाइक
नवोदय नगर निवासी प्रवीण कुमार दोपहर करीब चार बजे अपनी मोटरसाइकिल (UP 78 EQ 9162) पर अपने दो मासूम बेटों, सात वर्षीय शिवाय और चार वर्षीय हर्ष के साथ खेतों की ओर स्थित अपने मकान पर जा रहे थे। जैसे ही वे महुआगांव मोड़ के पास पहुंचे, तभी काले चश्मे में आए एक अज्ञात बदमाश ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाश ने तमंचा सटाकर प्रवीण को जान से मारने की धमकी दी और उनकी बाइक छीन ली।
बचाने पहुंचे युवक से हाथापाई, दांत से काटकर भागा लुटेरा
वारदात के दौरान वहां से गुजर रहे तिवारीपुर निवासी महावीर ने जब प्रवीण की मदद करते हुए बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया, तो बेखौफ लुटेरा उनसे भिड़ गया। हाथापाई के दौरान बदमाश ने महावीर को दो बार दांत से काट लिया और झटपट बाइक लेकर फरार हो गया।
पेट्रोल पंपों के सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, सर्विलांस टीम तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही सरसौल और सुनहैला चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) शिवा सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त (चकेरी) आशुतोष सिंह ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ितों से पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है। चुकी लूटी गई बाइक में ईंधन कम था, इसलिए आशंका है कि बदमाश ने आसपास के किसी पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाया होगा। पुलिस 10 से 15 किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी पेट्रोल पंपों और मुख्य रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सर्विलांस टीम को भी लुटेरे की सटीक लोकेशन ट्रेस करने के लिए एक्टिव कर दिया गया है।











