
पटना। पटना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह दिल्ली से आ रहे एयर इंडिया के विमान से लैंडिंग से ठीक पहले एक पक्षी टकरा गया। घटना के समय विमान में 164 यात्री सवार थे। पक्षी के टकराने के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए चिंता की स्थिति बनी, लेकिन विमान को सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 दिल्ली से पटना आ रही थी। विमान को सुबह करीब 7:44 बजे पटना एयरपोर्ट पर उतरना था। लैंडिंग से ठीक पहले पायलट ने विमान से पक्षी के टकराने की आशंका जताई। इसके बाद विमान के सुरक्षित उतरने पर अधिकारियों ने रनवे का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि रनवे की जांच के बाद उड़ान संचालन में किसी तरह की बाधा नहीं आई। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य रूप से जारी रहा।
बारिश के मौसम में बढ़ जाती है पक्षियों की गतिविधि
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमानों से पक्षियों का टकराना असामान्य घटना नहीं है। बारिश के मौसम में पक्षियों की गतिविधियां बढ़ने के कारण ऐसी घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
अधिकारी ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों और जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक कमेटी हर महीने निरीक्षण करती है। निरीक्षण के आधार पर उन स्थानों की पहचान की जाती है, जहां साफ-सफाई या अन्य जरूरी कदम उठाने की आवश्यकता होती है।
ऑक्सीजन सिलेंडर के इंतजाम में रांची से बेंगलुरु की फ्लाइट पांच घंटे लेट
वहीं, एक अन्य मामले में रांची एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान करीब पांच घंटे की देरी से रवाना हुई। अधिकारियों के मुताबिक, बेंगलुरु से रांची पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1239 में यात्रा के दौरान एक यात्री को सांस लेने में परेशानी हुई थी। यात्री को विमान के अंदर ही ऑक्सीजन दी गई।
विमान के रांची एयरपोर्ट पर उतरने के बाद यात्री की हालत ठीक थी और वह अपने घर चला गया। इसके बाद बेंगलुरु जाने वाली वापसी की उड़ान के लिए एयरलाइन को नई दिल्ली से ऑक्सीजन सिलेंडर मंगवाने पड़े। सिलेंडर पहुंचने में समय लगने के कारण उड़ान में देरी हुई।
रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1239 सुबह करीब 8:55 बजे रांची पहुंची थी। दिल्ली से ऑक्सीजन सिलेंडर मंगवाने के बाद रांची से बेंगलुरु जाने वाली वापसी की उड़ान IX 1244 करीब पांच घंटे की देरी से दोपहर 1:51 बजे रवाना हुई।














