
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खोजीपुर मौजा ब्राह्मण नगला में गुरुवार देर रात एक अधेड़ व्यक्ति का खून से लथपथ शव गांव के बाहर पीपल के पेड़ के चबूतरे पर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने तत्काल घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है।
डेढ़ माह पहले ही 7 साल की सजा काटकर जेल से आया था बाहर
मृतक की पहचान मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र स्थित मेरापुर निवासी 50 वर्षीय राजकिशोर दुबे पुत्र सूरजन लाल दुबे के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से अपनी बहन बब्ली देवी के घर रह रहे थे। परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, राजकिशोर हत्या के प्रयास (धारा 307) के एक मामले में सात साल की सजा काट चुके थे और करीब डेढ़ महीने पहले ही जेल से छूटकर बाहर आए थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह से ही वह शराब के नशे में थे।
रात में गूंजी गोली की आवाज, जेब से मिले 315 बोर के कारतूस
गुरुवार रात गांव के बाहर अचानक एक तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण पीपल के चबूतरे की तरफ दौड़े। वहां पहुंचते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए, राजकिशोर दुबे खून से लथपथ अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब शव की तलाशी ली तो मृतक की जेब से 315 बोर के जिंदा कारतूस तो बरामद हुए, लेकिन वारदात स्थल से कोई तमंचा या असलहा नहीं मिला, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है।
एसपी और सीओ ने किया मुआयना, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) और क्षेत्राधिकारी (सीओ) मयंक मिश्रा ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट्स और खून के नमूने समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोली मृतक के सिर में लगी है, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी, परिजनों की तहरीर का इंतजार
मामले की जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला काफी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जेब से कारतूस मिलना और मौके से तमंचे का गायब होना कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल्स को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















