शराब के ठेके की बहस में खूनी खेल: बिजनौर में गुस्से में सनकी ने लोगों पर चढ़ाया तेज रफ्तार ट्रैक्टर, 3 की मौत; आरोपी के घर बुलडोजर चलाने की मांग

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में बीती रात शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. दत्तीयाना गांव निवासी आरोपी वीरेंद्र ने रंजिश में सड़क किनारे बातचीत कर रहे निर्दोष लोगों पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर चढ़ा दिया. इस दिल दहला देने वाली वारदात में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला और खुद आरोपी चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

ठेके से शुरू हुआ विवाद, बातचीत कर रहे लोगों पर सीधा चढ़ा दिया ट्रैक्टर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बीती रात करीब 8 बजे दत्तीयाना गांव के वीरेंद्र और जमालुद्दीनपुर निवासी सतवीर के बीच स्थानीय शराब के ठेके पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी. उस वक्त तो मामला शांत हो गया और कुछ लोग सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत करने लगे. तभी आरोपी वीरेंद्र तैश में आकर अपना तेज रफ्तार ट्रैक्टर लेकर आया और उसने सीधे खड़े लोगों को रौंद दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा टूटकर गिर गया और अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर भी मौके पर ही पलट गया.

इलाज के दौरान तीसरे शख्स ने तोड़ा दम, आरोपी समेत दो घायल

ट्रैक्टर की सीधी चपेट में आने से उदयवीर और बाबूराम की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल महेंद्र को परिजन आनन-फानन में बिजनौर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. हादसे में घायल एक महिला का चांदपुर के अस्पताल में इलाज जारी है. वहीं, ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबा आरोपी ड्राइवर वीरेंद्र भी घायल हो गया, जिसे पुलिस कस्टडी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

ग्रामीणों ने किया हंगामा, पुलिस और दो गांवों के बीच बढ़ा तनाव

एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर भारी हंगामा किया. इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी तीखी नोकझोंक भी हुई. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मामला दो अलग-अलग गांवों से जुड़ा होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha