हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सोमवार की रात मौत बनकर आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया। मौदहा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-34 (NH-34) पर गिट्टी से लदे ट्रक और सवारियों से भरी ओमनी वैन के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
हादसा इतना वीभत्स था कि वैन के परखच्चे उड़ गए और शव लोहे के मलबे में फंस गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने घंटों की मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।
छिरका गांव के पास काल बना तेज रफ्तार ट्रक
जानकारी के मुताबिक, गिट्टी से लदा एक ट्रक (UP32UN4847) महोबा से हमीरपुर की ओर बेहद तेज रफ्तार में जा रहा था। जैसे ही ट्रक मौदहा के ग्राम छिरका स्थित जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, सामने से आ रही ओमनी वैन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। वैन में सवार लोग बुरी तरह पिचक चुकी गाड़ी के अंदर ही फंस गए।
प्रशासन ने संभाली कमान, अस्पताल में मची अफरातफरी
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (DM) अभिषेक गोयल और पुलिस अधीक्षक (SP) मृगांक शेखर पाठक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने खुद खड़े होकर राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। एम्बुलेंस के जरिए सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मौदहा ले जाया गया। अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहन (पुत्र रामसेवक), आशीष (पुत्र करन सिंह), जितेंद्र और कमलेश के रूप में हुई है। ये सभी हमीरपुर के उरदना, डामर और रिठारी क्षेत्र के निवासी थे। वहीं, गंभीर रूप से घायल दिलीप कुमार, रोहित और बाबू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
NH-34: फिर साबित हुआ ‘खूनी हाईवे’
स्थानीय निवासियों का कहना है कि एनएच-34 अब ‘खूनी हाईवे’ के नाम से कुख्यात हो चुका है। भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण आए दिन यहाँ मासूम जिंदगियां काल के गाल में समा रही हैं। सोमवार की रात हुई इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक दावों और सड़क सुरक्षा की पोल खोल दी है।
पुलिस कस्टडी में ट्रक और चालक
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में कड़ी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। घटना के बाद से पीड़ितों के गांवों में मातम पसरा हुआ है।












