
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में एक विवाहिता का शव उतराता हुआ पाया गया. घटना चांदपुर चौराहा से सोहरिया मार्ग पर विवेकपुर गांव के पास की है. सुबह राहगीरों ने जब गड्ढे में महिला का शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
रात 12 बजे से घर से गायब थी ज्योति, पहले भी दो बार कूद चुकी थी कुएं में

मृतका की पहचान विवेकपुर गांव निवासी हंसराज वर्मा की 30 वर्षीय पत्नी ज्योति वर्मा के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक ज्योति बुधवार रात करीब 12 बजे अचानक घर से बिना बताए कहीं चली गई थीं, जिसके बाद परिजन रातभर उनकी तलाश कर रहे थे. मृतका के पति हंसराज वर्मा ने बताया कि ज्योति पिछले काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थीं. इससे पहले भी वह दो बार कुएं में कूदकर जान देने की कोशिश कर चुकी थीं, लेकिन तब ग्रामीणों की सतर्कता से उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया था. दो मासूम बच्चों की मां की इस दर्दनाक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह
घटना की जानकारी मिलते ही रामपुर मथुरा थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत पड़ताल के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है.















