
संगम नगरी प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम बेखौफ बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार बदमाशों ने समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन यादव की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। हमलावर हंडिया खास थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर घात लगाकर उनका इंतजार कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घात लगाकर किया हमला, पीठ में मारी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंगराव गांव निवासी पवन यादव मंगलवार शाम पिलर नंबर 52 के पास कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। इनमें से दो बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था। बदमाशों ने पवन यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे एक गोली उनकी पीठ में जा लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें गंभीर हालत में स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुरानी रंजिश की आशंका, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को आशंका है कि इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है और बदमाश कई दिनों से पवन यादव की रेकी कर रहे थे।
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में इस वारदात का वीडियो फुटेज रिकॉर्ड हो गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर हमलावरों की शिनाख्त और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।












