BRICS Summit 2026: पश्चिमी प्रतिबंधों के बीच राष्ट्रपति पुतिन का बड़ा दांव, ब्रिक्स देशों के लिए नए बीमा तंत्र और ग्लोबल ग्रेन मार्केट का प्रस्ताव

 

नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के समापन सत्र में सदस्य देशों के समक्ष दो ऐतिहासिक पहलों का प्रस्ताव रखा है। पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए कड़े आर्थिक प्रतिबंधों के बीच राष्ट्रपति पुतिन ने ब्रिक्स और ‘ग्लोबल साउथ’ के विकासशील देशों में सतत आर्थिक वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए एक स्वतंत्र ‘बीमा तंत्र’ (Insurance Mechanism) विकसित करने और एक संयुक्त ‘अनाज बाजार’ (BRICS Grain Market) बनाने का आह्वान किया।

पश्चिमी प्रतिबंधों को बेअसर करने की रणनीति, समुद्री जहाजों के बीमा का निकाला काट

उल्लेखनीय है कि यूक्रेन संघर्ष के बाद जी-7 (G7) देशों, यूरोपीय संघ और ब्रिटेन ने रूसी कच्चे तेल का परिवहन करने वाले जहाजों पर कड़े बीमा प्रतिबंध लगा दिए थे, जिससे रूसी निर्यात बुरी तरह प्रभावित हुआ था। पुतिन ने इन प्रतिबंधों को दरकिनार करने के लिए ब्रिक्स देशों के खुद के बीमा ढांचे का विचार पेश किया है। राष्ट्रपति पुतिन ने स्पष्ट किया, “हमारे पास पूंजी, श्रम और प्रौद्योगिकियों की आवाजाही के स्वतंत्र और सुरक्षित मार्ग हैं। हम बाहरी दबाव या पश्चिमी पाबंदियों की परवाह किए बिना काम कर सकते हैं।” उन्होंने सभी सदस्य देशों को इन आशाजनक पहलों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।

एनडीबी के कामकाज की तारीफ और ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए समग्र दृष्टिकोण का आह्वान

रूसी राष्ट्रपति ने ब्रिक्स देशों द्वारा स्थापित न्यू डेवलपमेंट बैंक (NDB) के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह बहुपक्षीय बैंक वर्तमान में लगभग 140 अरब अमेरिकी डॉलर (USD) मूल्य की विकास परियोजनाओं का कुशल प्रबंधन कर रहा है। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा, “जैसे-जैसे वैश्विक चुनौतियां सामने आ रही हैं, हमें केवल समस्याओं के लक्षणों से ही नहीं, बल्कि उनकी मूल वजहों से निपटने के लिए एक समग्र दृष्टिकोण (Holistic Approach) अपनाना होगा।” उन्होंने ग्लोबल साउथ के देशों से एकजुट होकर एक बेहतर वैश्विक शासन ढांचा बनाने और पारंपरिक व गैर-पारंपरिक सुरक्षा खतरों से मिलकर निपटने का जोरदार आग्रह किया।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha