
BRICS Summit 2026 में भाग लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंच गए हैं। पालम एयरफोर्स स्टेशन पर उनके आगमन पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका औपचारिक स्वागत किया। एयरपोर्ट से उनका काफिला होटल आईटीसी मौर्या के लिए रवाना हो चुका है, जहां उनके ठहरने की संभावना है। बीते 9 महीनों में पुतिन की यह दूसरी भारत यात्रा है, इससे पहले वह 5 दिसंबर 2025 को भारत दौरे पर आए थे।
राजधानी में कड़ी सुरक्षा: चार स्तरीय घेरा और रूसी कमांडो तैनात
रूसी राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पालम एयरपोर्ट से लेकर होटल और शिखर सम्मेलन स्थल भारत मंडपम तक के पूरे रूट पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुतिन की सुरक्षा के लिए चार स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। सबसे अंदर क्लोज प्रोटेक्शन टीम (CPT) रहेगी, जबकि द्वितीय और तृतीय स्तर पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, कमांडो और अर्धसैनिक बल तैनात रहेंगे। सबसे बाहरी घेरे की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस संभाल रही है।
रूसी सुरक्षा अधिकारियों की विशेष टीम पहले ही दिल्ली पहुंचकर भारतीय एजेंसियों के साथ जायजा ले चुकी है। पुतिन के साथ उनकी अपनी विशेष कमांडो टीम भी मौजूद है, जो हर मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी। होटल में तैनात कर्मियों की गहन जांच की गई है और एक अतिरिक्त डीसीपी तथा दो एसीपी को अलग-अलग शिफ्ट में तैनात किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होगी द्विपक्षीय बातचीत
12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले BRICS Summit के अलावा राष्ट्रपति पुतिन शुक्रवार को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस दौरान भारत और रूस के बीच रक्षा, द्विपक्षीय व्यापार, ऊर्जा और आर्थिक सहयोग समेत कई अहम वैश्विक मुद्दों पर गहन चर्चा होने की उम्मीद है। भारत द्वारा इस वर्ष की जा रही BRICS की अध्यक्षता के बीच पुतिन का यह दौरा रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।














