
भारत की मेजबानी में राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित दो दिवसीय ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन 2026 का आज दूसरा और अंतिम दिन है। 12 सितंबर से शुरू हुए इस महाकुंभ में सदस्य देशों के शीर्ष नेता ग्लोबल गवर्नेंस, बहुपक्षवाद को बढ़ावा देने और आर्थिक व सुरक्षा क्षेत्रों में आपसी सहयोग मजबूत करने जैसे गंभीर मुद्दों पर मंथन कर रहे हैं। आज दिनभर की गहमागहमी के बाद सम्मेलन का समापन ऐतिहासिक ‘नई दिल्ली डिक्लेरेशन’ के साथ होगा।
भारत मंडपम में नेताओं की रेड कार्पेट एंट्री और आधिकारिक फैमिली फोटो
रविवार सुबह 9:55 बजे से भारत मंडपम के लेवल-2 पर ब्रिक्स के सदस्य देशों, पार्टनर देशों और आउटरीच समिट के लिए विशेष रूप से आमंत्रित दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों का आगमन शुरू होगा। इसके ठीक बाद, सुबह 10:35 बजे सभी वैश्विक नेता एक मंच पर जुटेंगे और आधिकारिक फैमिली फोटो में हिस्सा लेंगे। गौरतलब है कि ब्रिक्स का यह विस्तार बेहद मजबूत हुआ है, जिसमें अब ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब और इंडोनेशिया सहित कुल 11 देश शामिल हैं।
मुख्य सेशन में ‘समावेशी वैश्विक विकास’ और टिकाऊ भविष्य पर मंथन
सुबह 10:50 बजे से सम्मेलन के मुख्य ओपन सेशन की शुरुआत होगी। इस सत्र का केंद्रीय विषय Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability: Shaping the Future for Inclusive Global Growth (मजबूती, नवाचार, सहयोग और टिकाऊ विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास का भविष्य तैयार करना) तय किया गया है। दुनिया भर की अर्थव्यवस्थाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से हो रही इस चर्चा के समापन पर ‘नई दिल्ली डिक्लेरेशन’ जारी किया जाएगा, जिसमें वैश्विक चुनौतियों से निपटने का साझा खाका पेश होगा।
PM नरेंद्र मोदी का पैक शेड्यूल: 4 देशों के राष्ट्रपतियों के साथ करेंगे द्विपक्षीय बैठकें
शिखर सम्मेलन के मुख्य सत्रों के इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कूटनीतिक संबंधों को धार देने के लिए आज 4 प्रमुख देशों के नेताओं के साथ आमने-सामने द्विपक्षीय वार्ता करेंगे:
-
दोपहर 2:30 बजे: कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव के साथ बैठक।
-
दोपहर 3:00 बजे: फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से द्विपक्षीय बातचीत।
-
दोपहर 3:30 बजे: मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के साथ उच्चस्तरीय चर्चा।
-
शाम 4:10 बजे: दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति मातामेला सिरिल रामफोसा के साथ महत्वपूर्ण मुलाकात।
चौथी बार भारत की अध्यक्षता: 25 शहरों में 350 से ज्यादा बैठकें और दूरगामी विजन
भारत ने 1 जनवरी 2026 को चौथी बार (2012, 2016 और 2021 के बाद) ब्रिक्स की कमान संभाली थी। इस वर्ष भारत ने ‘Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability’ थीम के तहत Humanity First (मानवता प्रथम) के सिद्धांत को केंद्र में रखा है। अपनी अध्यक्षता के दौरान भारत ने देश के 25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा हाई-लेवल बैठकों का आयोजन कर तीन मुख्य स्तंभों—राजनीतिक व सुरक्षा, आर्थिक व वित्तीय, और सांस्कृतिक व जन-जन के संपर्क—पर काम किया है। वर्तमान में ब्रिक्स देश दुनिया की 49.5% आबादी, 40% जीडीपी और 26% वैश्विक व्यापार का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिससे नई दिल्ली में लिए जा रहे फैसले वैश्विक मंच पर निर्णायक साबित होंगे।















