BRICS Summit 2026: पीएम मोदी के ‘गाला डिनर’ में नहीं पहुंचे शी जिनपिंग और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस; पुतिन समेत कई दिग्गज रहे मौजूद

भारत की मेजबानी में नई दिल्ली के भव्य भारत मंडपम में आयोजित दो दिवसीय ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन 2026 के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशी मेहमानों के लिए एक शानदार ‘गाला डिनर’ का आयोजन किया। 12 सितंबर की शाम आयोजित इस रात्रिभोज में दुनिया भर के कई शीर्ष नेता शामिल हुए, लेकिन चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।

होटल लौटे शी जिनपिंग, स्वदेश रवाना हुए अबू धाबी के क्राउन प्रिंस

शनिवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दिन में ब्रिक्स समिट के सत्रों में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की। हालांकि, शाम को आयोजित गाला डिनर में शामिल होने के बजाय वह सीधे अपने होटल लौट गए। सूत्रों के अनुसार वह आराम करने के लिए होटल गए थे, हालांकि उनकी अनुपस्थिति पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। दूसरी ओर, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद दिन भर के सम्मेलनों में भाग लेने के बाद रात्रिभोज से पहले ही संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के लिए रवाना हो गए।

रूस के राष्ट्रपति पुतिन, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्रियों की रही गरिमामयी मौजूदगी

गाला डिनर में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत ब्रिक्स के अन्य तमाम सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष मौजूद रहे। भारतीय नेतृत्व की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए। इनके अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री संसद भवन से दो बसों में सवार होकर भारत मंडपम पहुंचे थे।

भारतीय व्यंजनों का शानदार मेन्यू: मिलेट पुलाव से लेकर ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम तक

विदेशी मेहमानों के लिए भारतीय जायके से भरपूर विशेष शाकाहारी और पारंपरिक व्यंजन परोसे गए:

  • स्टार्टर्स व मुख्य व्यंजन: खंडवी मिले-फुई, खुम्ब गलौटी, पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, गाजर-फली पोरियल, चुकंदर रायता और सेहतमंद मिलेट पुलाव।

  • मिठाइयां: ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी और स्वादिष्ट शहतूत फिरनी।

160 कलाकारों ने ‘ब्रिक्स सिम्फनी’ से बांधा समां

रात्रिभोज के दौरान इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस (ICCR) द्वारा आयोजित ‘BRICS Symphony: One Rhythm, Many Cultures’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य प्रदर्शन किया गया। इसमें करीब 160 भारतीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने हिस्सा लिया। भारतीय कलाकारों ने भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, ओडिसी और कथक जैसे प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्यों की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुतियां दीं, जबकि ब्रिक्स देशों के संगीतकारों ने अपनी धुनों से विभिन्न संस्कृतियों के अनूठे संगम को मंच पर जीवंत कर दिया।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha