मुरादाबाद की बेटी के साथ दिल्ली में हैवानियत: ससुर ने की दुष्कर्म की कोशिश, पति ने निर्वस्त्र कर गर्म प्रेस से जलाया

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ की रहने वाली एक युवती को दिल्ली स्थित उसकी ससुराल में नारकीय प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और जब उसने इसकी शिकायत अपने पति से की, तो रक्षक बनने के बजाय पति ही भक्षक बन गया। पति ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पत्नी को निर्वस्त्र किया और उसे गर्म प्रेस से जलाकर प्रताड़ित किया।

शादी के कुछ माह बाद ही शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर

जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के थाना नागफनी क्षेत्र की रहने वाली युवती का विवाह 20 फरवरी 2025 को दिल्ली के लक्ष्मी नगर निवासी एक युवक के साथ हुआ था। पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद से ही उसका ससुर उस पर बुरी नजर रखता था और उसे अक्सर तंग करता था। 10 अक्टूबर 2025 की रात ससुर ने सारी मर्यादाएं लांघ दीं और पीड़िता के कमरे में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की।

पति ने बदनामी का डर दिखाकर किया चुप, फिर की दरिंदगी

पीड़िता ने बताया कि जब उसने शोर मचाया, तो छत पर सो रहा उसका पति नीचे आया। बहू को देख ससुर वहां से भाग निकला। उस वक्त पति ने घर की बदनामी का हवाला देते हुए पीड़िता को चुप रहने के लिए कहा। कुछ समय के लिए वह उसे मायके भी छोड़ गया, लेकिन दोबारा दिल्ली लौटने पर ससुर की हरकतें फिर शुरू हो गईं। जब पीड़िता ने दोबारा विरोध किया, तो पति ने सहानुभूति दिखाने के बजाय उसे कमरे में ले जाकर उसके कपड़े उतरवाए और गर्म प्रेस से उसके शरीर को जगह-जगह जला दिया।

मायके पहुँचकर दर्ज कराई FIR, ससुराल पक्ष के 6 लोगों पर केस

किसी तरह जान बचाकर मायके पहुंची पीड़िता ने सोमवार को नागफनी थाने में अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपित पति, ससुर, सास, देवर, देवरानी और देवरानी के मौसेरे भाई समेत कुल छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मुरादाबाद पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर महानगरों में महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा के खौफनाक चेहरे को बेनकाब कर दिया है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment