प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। मानिकपुर थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के लिए युवती के शव को घर से कुछ दूरी पर स्थित एक बाग में पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।
दोस्ती की आड़ में हैवानियत: खेत में बुलाकर किया कांड
पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मुख्य आरोपी और युवती के बीच पहले से जान-पहचान थी। शनिवार रात करीब 12 बजे आरोपी ने युवती को फोन कर घर से करीब 450 मीटर दूर एक खेत में बुलाया। वहां आरोपी का एक दोस्त भी मौजूद था। आरोप है कि दोनों ने युवती के साथ दरिंदगी की और जब उसने विरोध करते हुए शोर मचाया, तो आरोपियों ने उसका मुंह दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
धार्मिक स्थल के झंडे से बनाया फंदा, 50 मीटर तक घसीटा शव
आरोपियों की क्रूरता यहीं नहीं थमी। हत्या के बाद उन्होंने पास के एक धार्मिक स्थल पर लगे झंडे का इस्तेमाल फंदा बनाने के लिए किया। उन्होंने युवती के गले में फंदा डालकर उसे करीब 50 मीटर तक घसीटा और घर के पास स्थित आम के बाग में ले गए, जहां शव को पेड़ से टांगकर फरार हो गए। रविवार तड़के जब परिजनों ने बेटी का शव लटका देखा, तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी दीपक भूकर भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
कॉल डिटेल से खुला राज, पोस्टमार्टम में दरिंदगी की पुष्टि
घटना की गुत्थी सुलझाने में मृतका के पिता के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल अहम साबित हुई। पुलिस ने पाया कि शनिवार रात 9:15 से 10:47 के बीच आरोपी और युवती के बीच लगभग 10 बार बातचीत हुई थी। इसी आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को धर दबोचा। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सामूहिक दुष्कर्म की प्राथमिक पुष्टि हुई है। युवती के शरीर पर दांतों और नाखूनों से खरोंचने के निशान मिले हैं, जो संघर्ष की गवाही दे रहे हैं।
बीएससी करने का सपना रह गया अधूरा, घर में पसरा मातम
मृतक युवती पढ़ाई में काफी मेधावी थी। उसने हाल ही में घोषित यूपी बोर्ड 2026 इंटरमीडिएट की परीक्षा में 75 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। वह बीएससी करना चाहती थी और शनिवार को ही उसके भाइयों ने उसका दाखिला कराने का वादा किया था। पिता ई-रिक्शा चलाकर और भाई मेहनत-मजदूरी कर उसे पढ़ा रहे थे। मुंबई में रहने वाले भाई भी बहन की मौत की खबर सुनकर घर के लिए रवाना हो गए हैं। परिजनों ने भाइयों के आने तक अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई: एक गिरफ्तार, दूसरे की तलाश तेज
एसपी प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने बताया कि मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। दूसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने विसरा सुरक्षित कर लिया है और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।












