गुरुग्राम में महिला बाइक राइडर को कार से उड़ाने का मामला तूल पकड़ा: 48 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर, वकील बोले- ‘170 की स्पीड में स्टंट कर रही थी लड़की’

गुरुग्राम के सबसे पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने का हाई-प्रोफाइल मामला अब तेजी से तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर खौफनाक हादसे का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी की पहचान तो कर ली है, लेकिन घटना के 48 घंटे बीत जाने के बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 विशेष टीमों का गठन किया है, जो संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। इसके अलावा गोल्फ कोर्स रोड के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

‘फॉलोअर्स के लिए हो रहा था स्टंट, 170 की रफ्तार में थी बाइक’: आरोपी के वकील का पलटवार

मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपी कल्याण बैंसला के वकील नवीन बैसला ने मीडिया के सामने आकर महिला बाइक राइडर सिया पर ही गंभीर सवाल खड़े कर दिए। वकील का दावा है कि सिया हादसे के वक्त करीब 170 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बाइक चला रही थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पीड़िता के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस है? वकील ने आरोप लगाया कि करीब 20 से 22 बाइक सवार एक साथ स्टंट कर रहे थे और सोशल मीडिया पर व्यूज व फॉलोअर्स पाने के लिए इस तरह की खतरनाक राइड की जा रही थी। वकील के मुताबिक, आरोपी कल्याण बैंसला खुद एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रह चुके हैं और देश के लिए कई पदक जीत चुके हैं।

‘पीछा किया, बदसलूकी की और फिर मार दी टक्कर’: पीड़िता सिया का दर्द

वहीं, पीड़िता सिया का कहना है कि वह रविवार सुबह अपनी अप्रिलिया आरएस 457 (Aprilia RS 457) सुपरबाइक से अपने दोस्तों के साथ गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार उनके पीछे आई। सिया का आरोप है कि कार सवारों ने पहले उसके साथ बदसलूकी की और काफी दूर तक पीछा किया। सिया के अनुसार, वह तीसरी लेन में बेहद सामान्य रफ्तार से बाइक चला रही थी, तभी कार सवार ने जानबूझकर उसकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सिया सड़क पर घिसटती चली गई। यह पूरी घटना उसकी बाइक पर लगे फ्रंट कैमरे में कैद हो गई, जिसे उसने इंस्टाग्राम पर शेयर किया था।

रेड लाइट तोड़कर भागे नशे में धुत कार सवार

हादसे के बाद सिया के साथियों ने कार चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी उल्टा बाइक सवारों पर ही हावी होने लगा। आरोप है कि कार चालक और उसमें सवार लोग नशे की हालत में थे और हादसे के तुरंत बाद रेड लाइट तोड़कर मौके से फरार हो गए। इस हादसे में सिया को मामूली चोटें आई हैं।

‘अगर रुकता तो बाइकर्स मार डालते’: आरोपी ने कबूली गलती, पर साजिश से किया इनकार

वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी कल्याण बैंसला ने अपना पक्ष रखते हुए टक्कर की बात तो स्वीकार की, लेकिन जानबूझकर मारने के आरोप से साफ इनकार किया। कल्याण के मुताबिक, वह रविवार सुबह अपनी बहन और दो भाइयों के साथ कार से जा रहा था। यू-टर्न के पास अचानक कार से उसका नियंत्रण खो गया और बाइक से टक्कर हो गई। उसने कहा कि यह महज एक दुर्घटना थी। मौके से भागने की वजह बताते हुए उसने कहा कि यदि वह वहां रुकता तो 20-22 बाइक सवारों का समूह उसके और उसके परिवार के साथ मारपीट कर सकता था।

कार मालिक का खुलासा और पीड़िता के पिता का गुस्सा

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस कार से हादसा हुआ, वह मनीष नाम के व्यक्ति की है। मनीष ने बताया कि हादसे के वक्त कार उसका दोस्त कल्याण चला रहा था। घटना के बाद कल्याण ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट कर दिया है।

दूसरी ओर, पीड़िता सिया के पिता ने इस पूरी घटना को महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा बेहद गंभीर मामला बताया है। पिता का कहना है कि यह कोई सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं है, बल्कि उनकी बेटी को जानबूझकर जान से मारने की नीयत से टक्कर मारी गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha