चंदौली: सड़क चौड़ीकरण के दौरान गिरा प्राचीन काली मंदिर का गुंबद, पीडब्ल्यूडी कर्मचारी की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत

डीडीयू नगर, चंदौली। सड़क चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत प्राचीन काली मंदिर को हटाने के दौरान शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। ध्वस्तीकरण के समय मंदिर का गुंबद अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, मुगलसराय रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पुराने काली मंदिर का भवन सड़क चौड़ीकरण परियोजना के दायरे में आ गया था। स्थानीय नागरिकों और प्रशासन की सहमति से पहले सुभाष पार्क परिसर में नया मंदिर तैयार कराया गया। धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मां काली की प्रतिमा को नए मंदिर में स्थापित करने के बाद पुराने मंदिर को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
शुक्रवार देर रात प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की देखरेख में बुलडोजर की सहायता से मंदिर को हटाया जा रहा था। इसी दौरान मंदिर का ऊपरी गुंबद अचानक भरभराकर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुंबद पहले बुलडोजर से टकराया और फिर दिशा बदलते हुए पास में मौजूद लोगों की ओर जा गिरा।

हादसे में डांडी निवासी पीडब्ल्यूडी कर्मचारी बलदेव यादव (59 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, मलबे की चपेट में आया एक स्थानीय नागरिक घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान अपनाए गए सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha