कानपुर में BSF कांस्टेबल परीक्षा में बवाल, सिस्टम फेल और पेपर लीक के आरोप; परीक्षा रद्द, 18 सितंबर को फिर एग्जाम

 

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर बुधवार को आयोजित BSF कांस्टेबल (मिनिस्ट्रियल) भर्ती परीक्षा हंगामे और बवाल की भेंट चढ़ गई। तकनीकी खामियों, बिना जांच के परीक्षार्थियों को प्रवेश देने और पेपर लीक होने के गंभीर आरोपों के बाद अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र में जमकर हंगामा किया और सिस्टम में तोड़फोड़ कर दी। करीब चार घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन और BSF अधिकारियों के हस्तक्षेप से परीक्षा रद्द कर दी गई।

परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों का आरोप है कि पहली पाली की परीक्षा शुरू होने के बाद करीब 40 मिनट तक कंप्यूटर सिस्टम बंद रहे। जब सिस्टम चालू हुए तो कई कंप्यूटरों में कीबोर्ड और माउस काम नहीं कर रहे थे, जबकि केवल CPU चालू था। परीक्षार्थियों के मुताबिक, परीक्षा हॉल में बिजली की समस्या के चलते न तो लाइट जल रही थी और न ही पंखे चल रहे थे। बारिश और उमस के बीच अभ्यर्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बिना चेकिंग प्रवेश देने का भी आरोप

मुंबई से परीक्षा देने कानपुर पहुंची छात्रा शालिनी बागुन ने केंद्र की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि परीक्षार्थियों को बिना किसी जांच-पड़ताल के सीधे परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश दे दिया गया। इसके बाद जब अभ्यर्थियों ने बिजली, सिस्टम और गर्मी से जुड़ी समस्याओं की शिकायत की तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

छात्रों का कहना है कि लगातार तकनीकी दिक्कतों के बावजूद केंद्र प्रबंधन की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई। इसी से नाराज होकर अभ्यर्थियों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और परीक्षा केंद्र में लगे कंप्यूटर सिस्टम में तोड़फोड़ की गई।

भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह, एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह समेत कई अधिकारी परीक्षा केंद्र पहुंचे। चकेरी, कैंट, जाजमऊ, नौबस्ता और रेलबाजार थानों से भी भारी पुलिस फोर्स बुला ली गई।

आक्रोशित परीक्षार्थियों की मांग थी कि BSF के आधिकारिक पोर्टल पर अगली परीक्षा की तारीख जारी होने तक वे अपना प्रदर्शन खत्म नहीं करेंगे। छात्रों ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।

BSF अधिकारियों से बातचीत के बाद परीक्षा रद्द

बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने BSF के एडीजी मकरंद देवेशकर से संपर्क किया। इसके बाद परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, अब यह परीक्षा 18 सितंबर को आयोजित की जाएगी।

वहीं, मौके पर पहुंचीं एसीएम-2 कैंट शिखा शुक्ला ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही सामने आने वाले परीक्षा केंद्रों को ब्लैकलिस्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी को विस्तृत रिपोर्ट सौंपने की बात कही।

राजस्थान और जयपुर के केंद्रों पर भी गड़बड़ी की खबर

BSF कांस्टेबल (मिनिस्ट्रियल) परीक्षा को लेकर सिर्फ कानपुर में ही विवाद सामने नहीं आया है। राजस्थान और जयपुर के कुछ परीक्षा केंद्रों पर भी इसी तरह की गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। कानपुर में परीक्षा रद्द होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर 18 सितंबर को होने वाली नई परीक्षा पर है।

हालांकि, पेपर लीक के आरोपों को लेकर जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। फिलहाल प्रशासन और BSF की ओर से परीक्षा केंद्र पर हुई तकनीकी गड़बड़ियों और अभ्यर्थियों के आरोपों की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha