एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाला गैंग पकड़ा

एसपी देहात अनिरुद्ध कुमार ने पत्रकारवार्ता के दौरान दी जानकारी

भास्कर समाचार सेवा
सरधना।जानीखुर्द जानी पुलिस को उस वक्त बड़ी कामयाबी मिली, जब उसने एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया। एसपी देहात ने सरधना कोतवाली में प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 84 एटीएम कार्ड, बुलेट बाइक और कुछ नगदी भी बरामद हुई है। पूछताछ में बदमाशों ने अपने कई साथियों के नाम भी बताए है।

एसपी देहात अनिरुद्ध कुमार ने थाना सरधना में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया, सीओ सरधना बृजेश कुमार के निर्देशन में थाना जानी पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान एटीएम मशीन से पैसे निकालने हेतु आने वाले भोले-भाले व्यक्तियों के एटीएम कार्ड बदलकर उनके खातों से पैसे निकालने वाले वसीम पुत्र सलीम व आसिफ पुत्र मोहम्मद मांगे निवासीगण गिरी मार्किट थाना लोनी गाजियबाद को विभिन्न बैंकों के 84 एटीएम कार्ड, चोरी की एक बुलट बाइक तथा धोखाधड़ी कर खातों से निकाले गए 3500 रुपये सहित गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने पूछताछ पर बताया, हम दोनों बैंक, एटीएम बूथ के अंदर से पैसा निकालने वाले ग्राहकों की निगरानी करते है, जो भोले भाले व्यक्ति दिखायी देते है, उनके साथ एटीएम बूथ में घुस जाते है और उनको बातों में फंसाकर उनका पिन कोड देख लेते है। धोखा धड़ी से उनका एटीएम कार्ड बदलकर या चोरी कर उसी तरह का एटीएम उनको थमा देते है। ग्राहक के जाने के बाद उनके एटीएम के माध्यम से खातों से पैसा निकाल लेते है। हम दोनों ने इस तरह की काफी घटनाओं को अंजाम दिया है।

कार्ड बदलकर एटीएम से निकाले सवा लाख
28 जनवरी को कस्बा जानी में स्थित पीएनबी के एटीएम बूथ से एक मुस्लिम महिला का एटीएम कार्ड धोखाधड़ी से बदल लिया था। उसके एकाउंट से लगभग सवा लाख रुपये निकाले है। इसके अतिरिक्त मेडिकल क्षेत्र एवं मेरठ के नगर व देहात के अन्य जगह पर भी कई व्यक्तियों के एटीएम कार्ड धोखे से बदलकर उनको फर्जी एटीएम देकर एकाउंट से पैसा निकाला है।

रुपयों से करते थे मौज मस्ती
शातिरों ने बताया, ग्राहकों के खातों से निकाले गए रुपयों को हम लोग मौज मस्ती में खर्च देते है। पकड़े गए दोनों युवकों ने अपने साथियों के नाम भी पुलिस को बताए है, जिनकी तलाश शुरू कर दी गयी है।

खबरें और भी हैं...