
महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना, नागपुर द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित “मनसे चषक 2026” क्रिकेट टूर्नामेंट में छिंदवाड़ा के युवा क्रिकेटर सचिन सहारे, जिन्हें क्रिकेट जगत में “छिंदवाड़ा एक्सप्रेस” के नाम से जाना जाता है, ने शानदार प्रदर्शन करते हुए “Best Bowler” का अवॉर्ड अपने नाम किया।
सचिन सहारे ने पूरे टूर्नामेंट में अपनी घातक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान किया। उन्होंने Star WCC Walni टीम की ओर से खेलते हुए कई अहम मुकाबलों में महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और आक्रामक गेंदबाजी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही।
इस भव्य टूर्नामेंट में महाराष्ट्र की राजनीति और खेल जगत से कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे जी के पुत्र अमित ठाकरे भी शामिल हुए, जिनकी उपस्थिति ने आयोजन को और खास बना दिया। समापन समारोह में खिलाड़ियों का सम्मान किया गया, जहां सचिन सहारे को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए Best Bowler Trophy प्रदान की गई।

अवॉर्ड मिलने के बाद सचिन सहारे ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी टीम Star WCC Walni, टीम साथियों और समर्थकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सपना आगे भी बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलकर छिंदवाड़ा जिले और अपनी टीम का नाम रोशन करना है।

सचिन सहारे की इस उपलब्धि से छिंदवाड़ा जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी का माहौल है। युवा खिलाड़ियों के लिए उनका प्रदर्शन प्रेरणा बनता जा रहा है और क्रिकेट जगत में उनकी पहचान लगातार मजबूत हो रही है।














