
लखीमपुर खीरी। बांकेगंज क्षेत्र स्थित जानकी देवी कन्या इंटर कॉलेज की विद्युत व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि विद्यालय परिसर में वर्ष 2005 से लगातार बिजली का उपयोग किया जा रहा है, लेकिन विद्युत कनेक्शन, मीटर और बिल भुगतान से जुड़े कोई भी पुख्ता दस्तावेज विभागीय रिकॉर्ड में स्पष्ट नहीं हैं। इस शिकायत के बाद विद्युत विभाग ने वर्ष 2005 से लेकर अब तक के पूरे रिकॉर्ड खंगालने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
2005 से अब तक का रिकॉर्ड खंगाल रहा विभाग
विभाग यह पता लगाने में पूरी गंभीरता से जुटा है कि यदि विद्यालय में इतने वर्षों से बिजली की आपूर्ति हो रही थी, तो यह कनेक्शन आखिर किसके नाम पर पंजीकृत था। इसके अलावा मीटर कब स्थापित किया गया, कुल कितनी खपत दर्ज हुई और अब तक बिलों का भुगतान किसके द्वारा किया गया, इन सभी बिंदुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। जांच में यदि बिना वैध कनेक्शन के अवैध रूप से बिजली इस्तेमाल की पुष्टि होती है, तो विभाग सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
पूर्व विधायक से कनेक्शन की चर्चा, एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी
मामले की गंभीरता पर एसडीओ बांकेगंज आरबीएस कुशवाहा ने बताया कि मामला काफी पुराना है और इसकी पूरी जानकारी उच्च अधिकारियों को सौंप दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित समयावधि के दौरान विद्यालय प्रबंधन से तत्कालीन विधायक राजेश गौतम के जुड़े होने की बात सामने आई है। उच्च अधिकारियों द्वारा पूर्व में छापा मारा जा चुका है और मामले में जल्द ही एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
एक्सईएन के साथ होगा विद्यालय का संयुक्त निरीक्षण
एसडीओ आरबीएस कुशवाहा के अनुसार, चूंकि विद्यालय परिसर काफी विशाल है, इसलिए वे अकेले मौके पर कार्रवाई के लिए नहीं जाएंगे। जल्द ही अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) के साथ मिलकर विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान मौके पर मौजूद विद्युत लाइनों, मीटरों और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। निरीक्षण और अभिलेखों के मिलान के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।











