यूपी में कोरोना ब्लास्ट : 3,027 हॉटस्पॉट में 8,882 कोरोना संक्रमण के मामले आये सामने


लखनऊ, प्रदेश में कोरोना के नए मामलों के मद्देनजर अब हॉटस्पॉट की संख्या बढ़कर 3,027 हो गई है। इन हाॅटस्पाॅट के 823 थानान्तर्गत 8,54,813 मकानों के 49,59,956 लोगों को चिह्नित किया गया है। इन हाॅटस्पाॅट क्षेत्रों में कोरोना पाॅजीटिव लोगों की संख्या 8,882 है। 

चेकिंग अभियान के दौरान 40.68 करोड़ रुपये शमन शुल्क वसूल

अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश अवस्थी ने मंगलवार को बताया कि गृह विभाग की धारा 188 के तहत 85,696 एफआईआर दर्ज करते हुये 2,19,935 लोगों को नामजद किया गया है। प्रदेश में अब तक 86,45,100 वाहनों की सघन चेकिंग में 61,282 वाहन सीज किये गये। चेकिंग अभियान के दौरान 40,68,70,127 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया। 

कालाबाजारी-जमाखोरी पर 977 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
कालाबाजारी एवं जमाखोरी करने वाले 977 लोगों के खिलाफ 733 एफआईआर दर्ज करते हुए 352 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि फेक न्यूज के तहत अब तक 1714 मामलों को संज्ञान में लेते हुए कार्यवाही की गई है। आज कुल 16 मामलों को संज्ञान में लेकर साइबर सेल कार्यवाही के लिए भेजा गया है। इनमें ट्विटर के 14 और फेसबुक के 02 मामले हैं। 

हाॅट स्पाॅट बस्तियों में 7.14 लाख राशन कार्डों पर खाद्यान्न  वितरण 
उन्होंने बताया कि संस्थागत एकांतवास (इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन) किये गये लोगों की संख्या 10,096 है। उन्होंने  बताया कि प्रदेश में हाॅटस्पाॅट वाले बस्तियों में 4650 डोर स्टेप डिलिवरी मिल्क बूथ-मैन के द्वारा दूध वितरित किया गया है। डोर स्टेप डिलिवरी में फल, सब्जी आदि के कुल 6,939 वाहन लगाये गये हैं। डोर स्टेप डिलिवरी वाले प्रोविजन स्टोर की संख्या 5,504 है। हाॅट स्पाॅट क्षेत्रों में कुल 36 प्रचलित सामुदायिक किचन हैं। इन बस्तियों में 7,14,153 राशन कार्डों पर खाद्यान्न का वितरण किया गया है।

33.81 लाख लोगों को 338.03 करोड़ का भुगतान
अपर मुख्य सचिव, गृह ने बताया कि निर्माण कार्यों से जुडे़ 18.16 लाख श्रमिकों, नगरीय क्षेत्र के 8.91 लाख श्रमिकों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के 6.74 लाख निराश्रित व्यक्तियों को एक-एक हजार की धनराशि के के आधार पर कुल 33.81 लाख लोगों को 338.03 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश की पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्यूपमेन्ट एवं मास्क सहित कुल 70 इकाइयां क्रियाशील हैं। प्रदेश में 1127 फ्लोर मिल, 503 तेल मिल एवं 332 दाल मिल संचालित की जा रही है। 

हमीरपुर : महिला समेत सात लोग कोरोना से संक्रमित, मरीजों की संख्या 101 पार

हमीरपुर । जनपद में मंगलवार को एक महिला समेत सात लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये। इनमें एक ही परिवार के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संक्रमित मरीजों को बांदा मेडिकल कालेज भेजा है, वहीं संक्रमण प्रभावित इलाकों को भी सील कर दिया गया है। सात नये मामलों के बाद अब जनपद में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 101 पार हो गयी है। इनमें 70 मरीज कोरोना से जंग भी जीत चुके हैं।

मौदहा क्षेत्र के अरतरा गांव में पांच दिन पूर्व संक्रमित हुए युवक के परिवार के तीन सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पांच दिन पूर्व दिल्ली से आए संक्रमित युवक के परिवार के तीन सदस्य पॉजिटिव आई है। जिसमें उसकी मां, भाई व 9 वर्षीय बेटी है। तीन सक्रमितों को मंगलवार को बांदा मेडिकल कालेज भेजा गया है। वहीं राठ कस्बा में एक महिला सहित चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मंगलवार की सुबह जिले में कुल सात संक्रमित मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर संक्रमित के संपर्क में आए लोगों के सैंपल लिया। जिले में कुल पॉजिटिव केस 101, एक्टिव केस 39 व निगेटिव केस 70 पहुंच गई है। वहीं कोरोना से दो की इलाज दौरान मौत भी हो चुकी है।

राठ कस्बा में मंगलवार को एक महिला सहित चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ आरके सचान ने बताया कि मंगलवार को जनपद में कोरोना के 7 नए मामले सामने आए, जिनमें 4 मरीज राठ कस्बे के खुशीपुरा, मियांपुरा और पठनऊ मोहल्ला में पाए गए हैं जबकि मौदहा क्षेत्र में 3 लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। युवकों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दोनों को झांसी भेजा गया है। वहीं पठनऊ निवासी 65 वर्षीय महिला की रिपोर्ट आने के बाद बांदा भेजा गया है।

सीएमओ ने बताया कि जुगियाना मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति का कानपुर में उपचार चल रहा है। जिसकी जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सीएमओ ने बताया कि पांच दिन पूर्व संक्रमित हुए युवक के पिता की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत भी हो चुकी है। जनपद में अब कोरोना मरीजों का आंकड़ा 101 हो गया है, इनमें राठ कस्बे के तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 70 मरीज इलाज के बाद ठीक होकर अपने घर वापस जा चुके हैं।

रिपोर्ट आने से पहले ही परिजनों को सौंप दिया शव
बीमारी से पीड़ित मियांपुरा निवासी 70 वर्षीय वृद्ध को 2 जुलाई को उपचार के लिए झांसी रेफर किया गया था। जांच के दूसरे दिन बाद उसकी मौत होने पर चिकित्सकों ने उसका शव परिजनों को सौंप दिया। जिसका अंतिम संस्कार के बाद जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं नगर पालिका सभासद के कोरोना संक्रमित निकलने पर ईओ केके मिश्रा ने खुद को 48 घंटे के लिए क्वारंटीन किया है।
—–
ललितपुर : जिला महिला अस्पताल की स्टाफ नर्स सहित दो कोरोना पाॅजिटिव  

ललितपुर । वैश्विक महामारी कोरोना का जनपद में प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार की दोपहर जिला महिला अस्पताल में तैनात एक संविदा स्टाफ नर्स सहित दो की कोरोना पाॅजिटिव रिपोर्ट आने से हड़कम्प मच गया। स्टाफ नर्स के कोरोना पाॅजिटिव पाये जाने के बाद से महिला अस्पताल को खाली कराकर सेनीटाइजर के लिए सीज़ कर दिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि महिला अस्पताल में झांसी निवासी 36 वर्षीया एक स्टाफ नर्स संविदा के रूप में तैनात है। दो जुलाई को स्टाफ नर्स छुट्टी लेकर अपने घर झांसी गयी थी। मंगलवार को स्टाफ नर्स दोपहर ललितपुर वापिस आयी। ड्यूटी ज्वाइन करने के पहले स्टाफ नर्स की कोरोना की जांच जिला अस्पताल में ट्रूनेट मशीन से की गयी। जांच में माइल्डली डिटेटक्टेड पाया गया। उन्हें काॅन्फरमेट्री किट से जांच के उपरान्त कोरोना पाॅजिटिव पाया गया। इधर महिला अस्पताल को सेनेटाइज कराये जाने के लिए खाली करा दिया गया है।

जिला महिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि संविदा स्टाफ नर्स के कोरोना पाॅजिटिव होने की जानकारी दोपहर 2 बजे के दरम्यान लगी, जिसके बाद अस्पताल को सेनेटाइज कराये जाने के लिए खाली कराया गया है। भर्ती मरीजों की छुट्टी कर दी गयी है। दूसरी ओर थाना मड़ावरा के ग्राम देवरानकलां निवासी एक 18 वर्षीया युवती की रिपोर्ट कोरोना पाॅजिटिव आयी है। पूर्व में युवती के पिता के कोरोना पाॅजिटिव पाया गये थे जिसके चलते उसे इलाज के लिए झांसी भेज दिया गया था। वहीं युवती सहित उसके 6 परिजनों को रोड़ा स्थित क्वारेन्टाइन सेन्टर में ले जाया गया था। पांच जुलाई को उनकी जांच झांसी भेजी गयी थी, आज युवती की जांच कोरोना पाॅजिटिव पायी गयी है। जिसके चलते उसका लाभ झांसी मेडीकल कालेज में चल रहा है।

बताते चलें कि जनपद में कुल कोरोना पाॅजिटिव मरीजों की संख्या 18 हो गयी है, जिनमें से अब तक तीन मरीजों की मौत हो चुकी हैं।

सात महीने के दो मासूमों सहित मेरठ में मिले 45 नए कोरोना मरीज

मेरठ,  । मेरठ जिले में तेजी से पैर पसार रहे कोरोना संक्रमण ने मंगलवार को 45 नए लोगों को शिकार बनाया है। इन 45 मरीजों में सात महीने के दो मासूमों सहित अधिकांश गृहणियां शामिल हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ विश्वास चौधरी ने बताया कि मंगलवार को संक्रमित मिले 45 मरीजों में 18 पुरुष और 27 महिलाएं शामिल हैं। इनमें सात-सात महीने के दो मासूमों सहित इंश्योरेंस कंपनी का एक मैनेजर और मिमहेंस नर्सिंग होम का अकाउंटेंट भी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में व्यापक स्तर पर की जा रही टेस्टिंग के चलते फिलहाल 2520 सैंपल की रिपोर्ट अभी पेंडिंग है। संक्रमित मिले मरीजों में कई छात्र और गृहणियां भी शामिल हैं। फिलहाल, जिले में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1254 हो गया है। जिनमें से 814 मरीजों को अब तक जिले के हॉस्पिटल्स से डिस्चार्ज किया जा चुका है। 70 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है। फिलहाल जिले में कोरोना के 370 सक्रिय केस हैं।

झांसी : कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या पर जिलाधिकारी से पुनः लाॅकडाउन की उठी मांग

झांसी,  । जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या सवा तीन सौ के करीब जा पहुंची है। अब तक 27 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। बीती रात एक ही दिन में 46 नए संक्रमितों के मिलने के बाद नगर के लोग दहशतजदा हैं। पुलिस व प्रशासन भी हरकत में आ गया है। सड़कों पर सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल गस्त करते हुए लोगों को बेवजह बाहर न निकलने की हिदायत दे रहा है। ऐसे में चारों ओर से पुनः लाॅकडाउन लगाए जाने की मांग ने भी जोर पकड़ लिया है।

इसके लिए सत्तारुढ़ विधायक ने जिलाधिकारी को जनहित में इस कार्य को करने के लिए पत्र लिखा है तो वहीं कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष ने मेल के द्वारा जिलाधिकारी से इसकी मांग की है। जबकि कांग्रेस के महासचिव तो आज की बढ़ी हुई संख्या देख कर्फ्यू लगाने तक की मांग करते दिखाई दिए।

कोरोना कहर से जूझ रहे विश्व के तमाम देशों में जब संक्रमितों की लम्बी सूची थी। तब तक वीरांगना नगरी झांसी में 26 अप्रैल तक कोई भी मरीज नहीं था। 27 अप्रैल को शहर के ओरछा गेट में एक महिला के रुप में पहला मरीज सामने आया था। उसके बाद यह संख्या करीब 30 के आसपास पहुंची और फिर 12 मई को जिला कोरोना मुक्त हो गया था। इसके बाद 10 दिनों तक सबकुछ ठीक रहा। लेकिन 22 मई को अचानक हरियाणा की औद्यौगिक नगरी गुरुग्राम से लौटा एक व्यक्ति कोरोना पाॅजिटिव पाया गया। और तब से लेकर आज तक यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले सप्ताह भर से तो प्रतिदिन आंकड़े अपना पुराना रिकाॅर्ड तोड़ने में स्वयं ही लगे हैं। बीती देर रात आए परिणामों ने तो सबको सकते में ला दिया है। एक दिन में निकले कोरोना संक्रमितों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा था। बीते रोज कुल 407 टेस्ट लगाए गए थे। जिलाधिकारी ने इसकी जानकारी देर रात साझा की।

बताया कि इनमें से कुल 46 नए मरीज सामने आए हैं। हालांकि बीती रात एक बात राहत भरी थी कि कोई मौत नहीं हुई थी। इस समय जनपद में कुल 323 मामले हो चुके हैं। जबकि एक्टिव मामले कुल 186 हैं। और अब तक कुल 27 लोगों से अधिक की मौत भी हो चुकी है। झांसी में यह मृत्युदर सर्वाधिक आंकी जा रही है। हालांकि इनमें से 102 संक्रमित कोरोना से जंग जीतकर घर वापसी कर चुके हैं।

इन आंकड़ों से परेशान होकर चारों ओर से पुनः लाॅकडाउन की मांग उठ रही है। इसके लिए बीते रोज सदर विधायक रवि शर्मा ने जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी को पत्र लिखकर लाॅकडाउन लगाने की बात कही थी। वहीं कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अरविन्द वशिष्ठ ने भी जिलाधिकारी को मेल करते हुए लाॅकडाउन के लिए निवेदन किया था। जबकि आज फिर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक सक्सेना ने तो 7 दिन के कर्फ्यू लगाने की मांग तक कर डाली है। हालांकि प्रशासन ने बढ़ते हुए मामलों को लेकर नगर में सख्ती कर दी है। मंगलवार की देर शाम सड़कों पर सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल घूमता नजर आया। साथ ही बेवजह घूमने वालों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। जहां अधिक मरीज हैं वहां आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। शहर क्षेत्र को बंद कर दिया गया है। वहीं सीपरी बाजार के आंशिक क्षेत्र को बफर जोन घोषित करते हुए आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
—–
वाराणसी में कोरोना संक्रमण के 14 नए मामले आये सामने

वाराणसी, .  वाराणसी में मंगलवार देर शाम तक कुल 14 नए कोरोना मरीज मिले। इसमें तीन महिला मरीज कांट्रैक्ट ट्रेसिंग में संक्रमित मिली है।

संक्रमित मरीजों में 50 वर्षीय पुरुष सेनेटरी सामानों का व्यवसायी नेवादा सुंदरपुर थाना लंका, 50 वर्षीय घरेलू महिला महिला ग्राम ठठरा कछवा थाना मिर्जामुराद, 56 वर्षीय घरेलू महिला बजरंग नगर कॉलोनी पंचायत भवन चांदपुर के पास थाना मंडुआडीह, 62 वर्षीय साइकिल का दुकानदार पुरुष उल्फत कंपाउंड अर्दली बाजार थाना कैंट, 30 वर्षीय पुरुष, प्राइवेट बैंक में काम करने वाला, जनरल स्टोर का दुकानदार निवासी नसीरपुर सुसुवाही, प्रॉपर्टी डीलर 38 वर्षीय पुरुष टिकरी थाना लंका, 40 वर्षीय पुरुष नवापुरा विशेश्वरगंज थाना कोतवाली, 35 वर्षीय पुरुष गिलट बाजार थाना शिवपुर, 25 वर्षीय घरेलू महिला निवासी नई सड़क थाना चौक, 50 वर्षीय घरेलू महिला नई सड़क थाना चौक, 35 वर्षीय घरेलू महिला चाहमामा नई सड़क और 25 वर्षीय पुरुष मरीज भुल्लनपुर निवासी हैं।

इनमें 25 वर्षीय घरेलू महिला निवासी नई सड़क थाना चौक, 50 वर्षीय घरेलू महिला नई सड़क थाना चौक और 35 वर्षीय घरेलू महिला चाहमामा नई सड़क कांट्रैक्ट ट्रेसिंग से संक्रमित हुई।

जिले में 13 मरीजों को स्वस्थ्य घोषित किया गया। जिले में अब तक कोरोना मरीजों की संख्या 666 हो गई है। 377 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। सक्रिय कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 265 है। 14 नये मरीजों के मिलने के बाद बजरंग नगर कॉलोनी थाना मंडुआडीह, उल्फत बीवी कंपाउंड अर्दली बाजार थाना कैंट, विवेक नगर कॉलोनी सुसुवाही थाना लंका, टिकरी थाना लंका, ठठरा कछवा रोड थाना मिर्जामुराद, नवापुरा विशेश्वरगंज थाना कोतवाली, सिकरौल थाना शिवपुर तथा गिलट बाजार थाना शिवपुर सहित कुल 08 नए जोखिम क्षेत्र बनाये गये हैं।
—–
अयोध्या, : कोरोना मरीज मिलने के बाद तहसील परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक
अयोध्या,  । मिल्कीपुर तहसील परिसर के बगल एक कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से मंगलवार को हड़कंप मच गया। तहसील प्रशासन ने कोरोना संक्रमित मरीज के घर से ढाई सौ मीटर की एरिया को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। साथ ही तहसील प्रशासन ने मिल्कीपुर तहसील परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।

बताया गया कि मिल्कीपुर तहसील परिसर के बगल इनायत नगर बाजार में स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा के बगल 35 वर्षीय एक युवक की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आया है। मिल्कीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉक्टर अहसन हसन किदवई ने बताया कि रविवार को कोरोना संक्रमित व्यक्ति मुंबई से आया था। सोमवार को उसकी जांच नमूना लिया गया और मंगलवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई, जिसके बाद कोरोना संक्रमित मरीज की कांटेक्ट हिस्ट्री का पता लगाया जा रहा है। साथ ही गांव को सील कर सैनिटाइज कराने की व्यवस्था की जा रही है। संक्रमित मरीज को कोरोना हॉस्पिटल एल-वन भेज दिया गया है।

वहीं मिल्कीपुर तहसीलदार अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि मिल्कीपुर तहसील के बगल में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद एहतियात के तौर पर तहसील परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। साथ ही कर्मचारियों व अधिवक्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वह कोरोना से बचाव के लिए निर्धारित सुरक्षा उपाय का पालन करते हुए तहसील परिसर में प्रवेश करें। जो भी व्यक्ति बिना मास्क के तहसील परिसर में घूमते हुए पाया जाएगा। वह चाहे कर्मचारी हो या फिर अन्य व्यक्ति उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
—-
बलिया : सदर तहसील के दो कर्मियों समेत 32 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले
बलिया, । जिले में जिस तेजी से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, लोगों में दहशत हो गई है। मंगलवार को भी जिले में कुल 31 नए कोरोना मरीज मिले। जिले में अब तक 7241 कोरोना संदिग्धों की जांच हुई है।

मंगलवार को जारी कोरोना बुलेटिन को देखकर जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। ताजा बुलेटिन में 32 नए लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से दो सदर तहसील के कर्मचारी हैं, जिसके बाद तहसील को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया। तहसील परिसर को सेनेटाइज कराया जाएगा। तहसील के अन्य कर्मियों के भी सैम्पल लिए जाएंगे।

वहीं जिला महामारी रोग प्रभारी डॉ. जियाउल हुदा ने बताया कि 32 नए मामलों में से 16 केस दूसरे जिलों की लैब में पॉजिटिव मिले हैं। हालांकि, नए मामलों में अधिकतर शहर के ही हैं। इससे शहर में कोरोना पॉजीटिव मरीजों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि दर्ज हुई है। समूचा शहर एक तरह से हॉट-स्पॉट बन गया है। यही वजह है कि पूरे शहर में घर-घर सर्वे कराया जा रहा है।

हालांकि, राहत वाली बात यह है कि जिले में कुल 221 कोरोना मरीजों में से 111 ठीक होकर घर जा चुके हैं, जबकि 41 मरीजों का उपचार एल 1 अस्पताल में, 32 का अटैच्ड एल 1 शांति आयुर्वेदिक अस्पताल में, चार का आजमगढ़ व एक का वाराणसी में चल रहा है। दो मरीजों की मौत हो चुकी है।

मथुरा : कोरोना के तीन मरीजों की मौत, स्वास्थ्यकर्मी सहित सात की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
मथुरा, । जिले में मंगलवार रामकृष्ण मिशन अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी सहित सात लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है, जबकि 24 घंटे के अंतराल में कोरोना के तीन मरीजों की मौत हो चुकी है। अब जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 445 तथा मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो चुकी है।

स्वास्थ्य विभाग कार्यालय से शाम को प्राप्त सूचना के अनुसार मंगलवार प्रातः एक संक्रमित वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हो गई है। वहीं सोमवार देर रात को दो और संक्रमित मरीजों ने दमतोड़ दिया। इनमें एक नौ साल की बच्ची और दूसरी नरसी बिहार निवासी 70 वर्षीय महिला है। जिले में अब मृतकों की संख्या 22 हो चुकी है, जबकि सात लोगों की मंगलवार रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 445 हो गई है।

इनमें चौक बाजार क्षेत्र स्थित गली रामपाल में एक, गली मेघा में एक और राधापुरम में एक युवक संक्रमित मिला है। वहीं गत सायं इन नए केस में गुलाब नगर मंडी चौराहा निवासी व्यक्ति की पॉजिटिव रिपोट आई है। रामकृष्ण मिशन अस्पताल की 23 वर्षीय स्वास्थ्य कर्मी कोरोना पॉजिटिव निकला है। नौहझील से 35 वर्षीय व्यक्ति के अलावा नरसी बिहार सौंख से 70 वर्षीय वृद्ध महिला की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इसके साथ ही महाविद्या कॉलौनी से 54 वर्षीय महिला की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। जनपद में एक्टिव केस 177 है। पॉजिटिव सभी मरीजों को वृंदावन एलवन तथा केडी मेडिकल में इलाज हेतु भर्ती कराया गया है। वहीं इन मरीजों के साथ में आए लोगों की जांच तथा उनके इलाकों को सील कर दिया है।
—-
सीतापुर : दो बैंक कर्मी समेत पांच नए कोरोना संक्रमित मिले
सीतापुर )। जनपद में एक बार फिर कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने लगी है। मंगलवार सुबह पांच लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें दो बैंक कर्मी भी शामिल हैं। इससे पूर्व हरगांव कस्बे की एक बैंक का मैनेजर संक्रमित निकल चुका है। आज मिले पांच मरीजों के बाद एक्टिव मामले की संख्या आठ हो गयी है।

सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा ने बताया कि कल रात लगभग 150 लोगों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई थी, जिनमें चार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं शेष एक सीतापुर के व्यक्ति ने लखनऊ में अपनी जांच कराई थी वो भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। उन्होंने बताया कि इन मरीजों में सभी का सीधा संपर्क लखनऊ से रहा है।

सीएमओ ने बताया कि इनमें बटालियन में तैनात एक चीफ फार्मासिस्ट तथा हरगांव कस्बे के असिस्टेंट बैंक मैनेजर व कैशियर शामिल है। उन्होंने बताया कि इन सभी का लखनऊ आना-जाना लगा रहता था। इसके अलावा एक 108 सेवा से जुड़ा कर्मचारी शामिल है जो पिछले दिनों लखनऊ में 108 से जुड़ी बैठक में शामिल होने गया था। एक अन्य मरीज के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यह भी अपने इलाज के सिलसिले में लखनऊ गया था जहां उसने एक प्राइवेट हॉस्पिटल में जांच कराई थी। वह भी पॉजिटिव निकला है।

हरगांव में बन्द रहेगी स्टेट बैंक, लोगों ने की जांच सैंपलिंग बढ़ाने की मांग

कस्बा स्थिति भारतीय स्टेट बैंक फिलहाल अभी बंद ही रहेगी। एक सप्ताह पूर्व ब्रांच मैनेजर के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद से बंद पड़ी ब्रान्च के 2 कर्मियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद से क्षेत्र के लोगों में दहशत व्याप्त हो गयी है। कस्बे के लोगों का कहना है कि जांच सैंपलिंग में लापरवाही बरती जा रही है, लोगों ने मांग की है कि कस्बे में वृहद स्तर पर अभियान चलाकर सैंपल जांच के लिए भेजे जाएं।

कोरोना से संक्रमित 20 नए रोगी मिले, 34 रोगी स्वस्थ होकर घर लौटे

हापुड़ । जनपद से मेरठ स्थित लैब को जांच के लिए भेजे गए सैंपल में से लैब ने सोमवार को देर रात 834 लोगों की जांच रिपोर्ट भेजी। इनमें से छह लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए। इसके अतिरिक्त जनपद में एंटीजन किट द्वारा की जा रही जांच के दौरान 14 लोग संक्रमित पाए गए। जनपद में कुल बीस नए कोरोना संक्रमित पाए गए जबकि 34 रोगी स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रेखा शर्मा ने मंगलवार को बताया कि जनपद में लगातार सर्वेक्षण कर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। कोरोना के लक्षण मिलने पर उनकी एन्टीजन किट के माध्यम से जांच की जा रही है।

सोमवार को एन्टीजन किट से जांच के दौरान 14 लोग कोरोना संक्रमित मिले और मेरठ स्थित लाला लाजपत राय मेडिकल काॅलेज में संचालित लैब से सोमवार को देर रात प्राप्त हुई जांच रिपोर्ट में छह लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए। सभी संक्रमितों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है। इनमें तीन रोगी पिलखुवा में पाए गए, हापुड़ की शिवलोक काॅलोनी में चार, किशनगंज, सुभाष नगर, बनारसीपुरा, फ्रीगंज मार्ग, श्रीनगर, गांधी विहार में एक-एक कोरोना संक्रमित रोगी पाया गया। इसके अतिरिक्त हापुड़ के ग्राम असौड़ा में तीन, ततारपुर में दो रोगी मिले। पिलखुवा के गांव डोमा टीकरी और खेड़ा में भी एक-एक रोगी पाया गया।


मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार जनपद में विशेष सर्विलांस अभियान चलाकर स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर रही हैं। सोमवार को स्वास्थ्य टीमों के द्वारा 28228 घरों का सर्वेक्षण कर 149938 व्यक्तियों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। सर्वेक्षण के दौरान आईएलआई के 85 रोगी मिले और 69 व्यक्तियों का कोविड-19 की जांच के लिए संैपल लिया गया। उन्होंने लोगों से सर्वेक्षण कर रही स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने यह भी अपील की कि जो भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित लोगों के संपर्क में आया हो, वह स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन अथवा स्वयं उन्हें सूचित अवश्य कर दे, ताकि उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा सके।

खबरें और भी हैं...