मां की आंखों के सामने बेटे पर कहर: पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद बना खौफनाक मारपीट…56 सेकंड का वीडियो वायरल

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद से देर रात हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि वहां रणक्षेत्र जैसा मंजर बन गया। घटना का एक 56 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें कुछ लोग एक युवक को सरेआम बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी घटना के दौरान युवक की मां उसे बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा।

पेट्रोल भरवाने की जिद और ‘दांत से काटने’ का अजीबोगरीब आरोप

मामला गंगाडीहवा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, इन दिनों पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर फैली अफवाहों के चलते पंपों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। बुधवार देर रात जब पंप बंद हो चुका था, तभी एक युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और जबरन तेल भरवाने की जिद करने लगा। कर्मचारियों के मना करने पर विवाद बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि बहस के दौरान आपा खोए युवक ने वहां मौजूद पुद्दीलाल नामक व्यक्ति को दांत से काटकर लहूलुहान कर दिया।

56 सेकंड का वायरल वीडियो: डंडों से वार और मां की बेबसी

युवक की इस हरकत के बाद वहां मौजूद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि 5-6 लोगों ने मिलकर उस युवक को घेर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। एक व्यक्ति हाथ में डंडा लेकर युवक पर ताबड़तोड़ वार कर रहा है, जबकि बाकी लोग उसे पकड़कर मार रहे हैं। वीडियो का सबसे विचलित करने वाला हिस्सा वह है जहां युवक की मां अपने बेटे को बचाने के लिए भीड़ के सामने मिन्नतें कर रही है, लेकिन लोग उसे धक्का देकर युवक को पीटते जा रहे हैं।

पुलिस की जांच शुरू, कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

सरेआम हुई इस मारपीट के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, वायरल हो रहे इस वीडियो की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर पुलिस सक्रिय हो गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में है और मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

अब तक नहीं मिली कोई तहरीर, छानबीन में जुटी कोतवाली पुलिस

पुलिस के मुताबिक, इस हिंसक झड़प को लेकर अभी तक किसी भी पक्ष (न तो पेट्रोल पंप प्रबंधन और न ही पीड़ित युवक) की ओर से लिखित शिकायत या तहरीर दी गई है। पुलिस अब पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha