
अमेरिका के ओहायो राज्य स्थित रिचमंड हाइट्स में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे ‘श्री स्वामीनारायण वडताल धाम’ मंदिर परिसर पर अज्ञात उपद्रवियों ने अचानक ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं। इस हमले में मंदिर की इमारत की खिड़कियां टूट गईं और बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के वक्त मंदिर के भीतर पुजारी और कई श्रद्धालु मौजूद थे, हालांकि किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
CCTV फुटेज पुलिस के कब्जे में, FBI और नागरिक अधिकार एजेंसियों को दी गई रिपोर्ट हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने सोशल मीडिया के जरिए इस घटना की पुष्टि की है। संगठन ने बताया कि घटना का पूरा सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) स्थानीय पुलिस प्रशासन को सौंप दिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी जानकारी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) और नागरिक अधिकार अधिकारियों को भी साझा की गई है। HAF मंदिर प्रबंधन के साथ लगातार संपर्क में है और अपराधियों की त्वरित पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।
हिंदू हेरिटेज मंथ और नवरात्रि के दौरान संभावित हेट क्राइम की आशंका हिंदू संगठनों ने इसे संभावित ‘हेट क्राइम’ (नफरती अपराध) करार दिया है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब ओहायो में भारतीय-अमेरिकी समुदाय अक्टूबर माह में ‘हिंदू हेरिटेज मंथ’ की शुरुआत कर रहा है और नवरात्रि के पावन पर्व की तैयारियां चल रही हैं। ‘कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका’ (CoHNA) ने रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस और स्थानीय प्रशासन से घटना की कड़ी निंदा करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है।
अमेरिका में पहले भी निशाने पर रहे हैं हिंदू मंदिर अमरीका में हिंदू धार्मिक स्थलों पर तोड़फोड़ और हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले अगस्त 2022 में न्यूयॉर्क के क्वींस में श्री तुलसी मंदिर में महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षति पहुंचाई गई थी। दिसंबर 2023 में कैलिफोर्निया के SMVS स्वामीनारायण मंदिर, सितंबर 2024 में न्यूयॉर्क और सैक्रामेंटो के BAPS मंदिरों, और मार्च 2025 में कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स स्थित मंदिर परिसर में आपत्तिजनक संदेश लिखने और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।















