
लंदन: फुटबॉल जगत के महान खिलाड़ियों में शुमार पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास का ऐलान कर सभी फैंस को हैरान कर दिया है। रोनाल्डो ने गुरुवार (05 नवंबर) को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने इस अचानक फैसले की जानकारी दी। अपने 23 साल के शानदार करियर में कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने वाले रोनाल्डो अपने करियर में कभी फीफा वर्ल्ड कप नहीं जीत सके, और इसी मलाल के साथ उन्होंने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर को विराम देने का फैसला किया है।
वीडियो में क्या बोले रोनाल्डो?
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए भावुक वीडियो में रोनाल्डो ने कहा, “पुर्तगाली लोगों के लिए, हमारी नेशनल टीम की नंबर 7 जर्सी को वापस लौटाने का दिन आ गया है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह सिर्फ मेरी होगी। लेकिन 23 सालों तक, मुझे इसे पहनने, इसकी रक्षा करने और दुनिया भर के स्टेडियमों में इसे अपने साथ ले जाने का सौभाग्य और जिम्मेदारी मिली। आज, इसे आने वाली पीढ़ी को सौंपने का वक्त आ गया है। यह कोई आसान फैसला नहीं था।”
‘फुटबॉल महज एक खेल से कहीं बढ़कर है’
अपने सफर को याद करते हुए रोनाल्डो ने आगे कहा, “क्योंकि कुछ फैसले ऐसे होते हैं जो सिर्फ दिमाग से नहीं, बल्कि दिल से लिए जाते हैं। एक ऐसा सफर खत्म हो रहा है, जिसकी शुरुआत अगस्त 2003 में हुई थी और जिसने मेरी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं और राष्ट्रीय टीम के साथ बिताए अपने अनुभवों के बारे में सोचता हूं, तो मुझे सिर्फ खेल, गोल, रिकॉर्ड या ट्रॉफियां ही नजर नहीं आतीं। मैं लोगों को देखता हूं। मैं उन प्रवासियों को देखता हूं, जिन्हें 90 मिनट के लिए पुर्तगाल थोड़ा और करीब लगा। मैं लाखों पुर्तगाली लोगों को देखता हूं जिनसे मैं कभी व्यक्तिगत रूप से नहीं मिला, लेकिन जो मेरी जिंदगी का हिस्सा रहे हैं, क्योंकि आखिरकार, फुटबॉल महज एक खेल से कहीं बढ़कर है। फुटबॉल का मतलब ही लोग हैं।”
‘इस जर्सी के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया’
पुर्तगाल के इस दिग्गज खिलाड़ी ने कहा, “नेशनल टीम के साथ अपने पूरे करियर के दौरान, मैंने अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने की कोशिश की। मैं जीतना चाहता था, मैं सबसे बेहतरीन बनना चाहता था, मैं इतिहास रचना चाहता था। मैं हमेशा खुद से बहुत उम्मीदें रखता था। मुझे हमेशा और अधिक चाहिए होता था, मुझे हमेशा विश्वास था कि हम और आगे जा सकते हैं। और मैंने इस जर्सी के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया।”
उन्होंने अपनी भावनाओं को साझा करते हुए आगे कहा, “कुछ बेहतरीन दोपहर और रातें थीं। ऐसी जीत थीं जिन्हें मैं कभी नहीं भूल सकता। कुछ ऐसी हार भी थीं जिन्हें याद करके आज भी तकलीफ होती है। मैंने असफलताएं भी देखीं, मैंने कष्ट भी सहे, और कुछ ऐसे पल भी आए जब मैं पुर्तगाल के लोगों को वह नहीं दे पाया जिसकी वे बहुत चाहत रखते थे। लेकिन मैंने कभी हार नहीं मानी। और सबसे बड़ी बात, पुर्तगाल का प्रतिनिधित्व करने पर मुझे हमेशा गर्व महसूस होता रहा।”
ऐसा रहा क्रिस्टियानो रोनाल्डो का शानदार अंतर्राष्ट्रीय करियर
क्रिस्टियानो रोनाल्डो का अंतर्राष्ट्रीय करियर बेमिसाल रहा है। उन्होंने पुर्तगाल के लिए कुल 234 मैच खेले, जिसमें उनके नाम 146 गोल दर्ज हैं।
-
डेब्यू: रोनाल्डो ने 20 अगस्त 2003 को कजाकिस्तान के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था।
-
पहला गोल: उन्होंने पुर्तगाल के लिए अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय गोल साल 2004 में ग्रीस के खिलाफ दागा था।

















