दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर ऑटो लिफ्टर, चोरी के 4 दोपहिया वाहन बरामद

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने नियमित गश्त के दौरान एक शातिर वाहन चोर (ऑटो लिफ्टर) को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी के चार दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही अंबेडकर नगर, तिगड़ी और महरौली थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के चार मामलों का भी खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद कासिम उर्फ गुल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही पर एक टीवीएस मोपेड, दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है।

गश्त के दौरान ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को अंबेडकर नगर थाना की टीम जी-ब्लॉक, दक्षिणपुरी इलाके में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक टीवीएस मोपेड को संदिग्ध परिस्थितियों में धक्का देकर ले जाता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर वाहन के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

वाहन का सत्यापन करने पर पता चला कि मोपेड अंबेडकर नगर थाने में दर्ज ई-एफआईआर के तहत चोरी की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुला चोरी का नेटवर्क

पूछताछ के दौरान आरोपी ने तीन अन्य चोरी के दोपहिया वाहनों के बारे में जानकारी दी, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी सुनसान और रिहायशी इलाकों में बिना निगरानी खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था।

पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए वाहनों को बेचकर आरोपी नशे और शराब की लत पूरी करने के लिए पैसे जुटाता था। उसके खिलाफ पहले भी वाहन चोरी और स्नैचिंग के कई मामले दर्ज हैं।

डीसीपी ने दी जानकारी

दक्षिण जिला के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि अंबेडकर नगर थाना पुलिस की सतर्क पेट्रोलिंग और वाहन सत्यापन अभियान के चलते आरोपी को चोरी के वाहन सहित गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर तीन अन्य चोरी के वाहन भी बरामद किए गए, जिससे अंबेडकर नगर, तिगड़ी और महरौली थाना क्षेत्रों में दर्ज चार वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ।

उन्होंने कहा कि दक्षिण जिला पुलिस अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चला रही है। वाहन चोरी जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित पेट्रोलिंग और वाहन सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment