
– दो दिन पूर्व घर से बाहर खेलते समय हो गई थी गायब
मैनपुरी/घिरोर- क्षेत्र के गांव नगला मही निवासी दो वर्षीय बालिका घर से बाहर खेलते समय अचानक गायब हो गई थी। बीते दिन उसका शव गांव के तालाब में तैरता मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पिता और मां का तो रो रोकर बुरा हाल था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के गांव नगला मही निवासी रिंकू कुमार की दो वर्षीय पुत्री भावना गुरुवार की शांय घर के बाहर खेलते समय अचानक कहीं लापता हो गई थी। परिजनों ने सभी जगहों पर तलाश करने के बाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी मधुवन कुमार ने गांव का दौराकर आवश्यक निर्देश पुलिस को दिए थे। दो दिन परिजनों और पुलिस ने बालिका को सभी जगह तलाश किया था। बीते दिन ग्रामीण तालाव के पास से गुजरे तो तालाब में एक बच्ची का शव तैरता मिलने की खवर चारों तरफ फैल गई। भावना के परिजन भी पहुंच गए वह बच्ची के शव को देखते ही फूट फूटकर रोने लगे। पिता का भी रो रोकर बुरा हाल था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
घर पर नहीं था कोई
दो वर्षीय बच्ची भावना का पिता रिंकू अपनी पत्नी के साथ गुरुवार को बाजार में दवा लेने गया था। तथा चाचा भी खेत पर चला गया था। वह घर के बाहर खेल रही थी। बच्ची का शव मिलने के वाद ग्रामीण खेलते समय पैर फिसलने से तालाव में डूबने की बात कह रहे हैं।












