
नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली का तिलक नगर इलाका बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात से दहल उठा। ओल्ड महावीर नगर में रहने वाली 21 वर्षीय मॉडल मुस्कान की उनके ही घर के भीतर घुसकर चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस खौफनाक हत्याकांड का आरोप इमरान नाम के युवक पर लगा है, जो पेशे से एक जिम ट्रेनर है और मृतका को पहले से जानता था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
घर में अकेली देखकर घुसा था आरोपी पुलिस सूत्रों और शुरुआती जांच के अनुसार, बुधवार शाम को मुस्कान के घर वाले किसी काम से बाहर गए हुए थे और वह घर में बिल्कुल अकेली थी। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी इमरान उसके घर में दाखिल हो गया। इसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद इमरान ने चाकू निकालकर मुस्कान पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होकर मुस्कान खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी और आरोपी मौके से भाग निकला।
‘वह सनकी था, पीछा करता और जबरन शादी का दबाव बनाता था’ पार्ट टाइम मॉडलिंग के साथ-साथ पढ़ाई करने वाली मुस्कान के एक करीबी दोस्त ने घटना के बाद गंभीर आरोप लगाए हैं। दोस्त के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे मुस्कान की बहन ने फोन कर सूचना दी कि इमरान ने मुस्कान को चाकू मार दिया है। दोस्त ने बताया कि इमरान मुस्कान का जिम ट्रेनर था और वह सनकी स्वभाव का शख्स था। मुस्कान उससे दूरी बनाना चाहती थी, लेकिन जब भी वह बात करने से मना करती, तो इमरान उसका पीछा करता था और उस पर जबरन शादी का दबाव बनाता था।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया बुधवार देर शाम पीसीआर (PCR) कॉल मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम ओल्ड महावीर नगर स्थित मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल मुस्कान को फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही शरीर पर चाकू के वार और मौत की सटीक वजहों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे CCTV मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभिषेक गुप्ता ने बताया कि आरोपी इमरान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मुस्कान के घर और आसपास की गलियों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपी के आने-जाने और भागने के रास्ते की सटीक जानकारी मिल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की मुख्य वजहों का पूरी तरह से खुलासा हो पाएगा।














