दिल्ली फिर शर्मसार: सदर बाजार में नाबालिग से हैवानियत, बंधक बनाकर किया दुष्कर्म; आरोपी गिरफ्तार…स्टेशनरी लेने निकली थी नाबालिग

नई दिल्ली (ब्यूरो)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बेटियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उत्तरी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 56 वर्षीय व्यक्ति ने नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर अपनी दुकान में बुलाया और हाथ-पैर बांधकर (बंधक बनाकर) उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सदर बाजार केस: स्टेशनरी लेने निकली थी नाबालिग, दुकान में बनाया बंधक

घटना 16 सितंबर की रात की बताई जा रही है। दिल्ली पुलिस को रात के वक्त नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के संबंध में एक पीसीआर (PCR) कॉल प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही सदर बाजार थाने की पुलिस टीम और संबंधित एसीपी तुरंत मौके पर पहुंचे।

जांच में खुलासा हुआ कि पीड़ित बच्ची रात करीब 11 बजे घर के पास स्टेशनरी का सामान खरीदने निकली थी। तभी पड़ोस की दुकान में मौजूद 56 वर्षीय आरोपी मकसूद ने उसे बहला-फुसलाकर अपनी दुकान के अंदर बुला लिया। इसके बाद आरोपी ने मासूम के हाथ-पैर बांध दिए और उसके साथ हैवानियत की।

आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी मकसूद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) कानून की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे उसी दिन गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उत्तरी जिले का महिला थाना इस संवेदनशील मामले की आगे की तफ्तीश कर रहा है।

स्वरूप नगर में भी सामने आई थी सनसनीखेज वारदात

सदर बाजार की इस हैवानियत से पहले 13 सितंबर को उत्तरी दिल्ली के ही स्वरूप नगर इलाके में एक 17 वर्षीय किशोरी की बर्बरता से हत्या का मामला सामने आया था। कुशक रोड स्थित एक खेत के पास से पुलिस ने किशोरी का सड़ा-गला शव बरामद किया था।

पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि पीड़िता की जान-पहचान के ही चार लोगों (जिनमें तीन नाबालिग शामिल थे) ने टेंपो में शराब पीने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस इस मामले में चारों आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha