मुंबई: रविवार को मुंबई के पॉश इलाके जुहू में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना ने पूरे देश में सनसनी फैला दी है। गनीमत यह रही कि इस जानलेवा हमले में अभिनेता की जान बाल-बाल बच गई। हालांकि, मुंबई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को दबोच लिया है। वारदात के कुछ ही देर बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित हैंडलर अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस हमले की जिम्मेदारी ली और साथ ही उन सभी कलाकारों को खुली धमकी दी जो सलमान खान के साथ काम करेंगे। इस घटना के बाद एक बार फिर सबसे बड़ा सवाल यह उठ खड़ा हुआ है कि आखिर गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के इशारे पर यह खतरनाक गैंग कौन और कैसे ऑपरेट कर रहा है?
जेल के भीतर से क्राइम सिंडिकेट: गैंग को चलाने वाले 5 सबसे बड़े चेहरे
सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई के सलाखों के पीछे होने के बावजूद उसके आपराधिक साम्राज्य का संचालन विदेशों और देश के अलग-अलग हिस्सों में बैठे उसके खास गुर्गों द्वारा किया जाता है। इस नेटवर्क को संभालने वाले 5 प्रमुख चेहरे निम्नलिखित हैं:
1. अनमोल बिश्नोई
अनमोल बिश्नोई, कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है, जिसका नाम कई सनसनीखेज वारदातों में आ चुका है। अमेरिकी एजेंसियों द्वारा पकड़े जाने के बाद नवंबर 2025 में उसे भारत लाया गया था, जहां राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान में वह नई दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। अक्टूबर 2024 में मुंबई में एनसीपी नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या, पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का कत्ल और सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी के मामलों में उसकी संलिप्तता जांच के दायरे में रही है।
2. गोल्डी बराड़
सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ लॉरेंस गैंग का मुख्य सहयोगी और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को संभालने वाला पुराना चेहरा है। भारत सरकार द्वारा यूएपीए (UAPA) के तहत आतंकवादी घोषित गोल्डी बराड़ पर विदेशों में बैठकर गिरोह की गतिविधियों को अंजाम देने के आरोप हैं। कनाडा में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के दौरान भी उसका नाम एक कथित ऑडियो क्लिप के जरिए चर्चा में आया था।
3. रोहित गोदारा
राजस्थान के बीकानेर (लूणकरणसर) का रहने वाला रोहित गोदारा लॉरेंस और गोल्डी का बेहद करीबी है। वह देश से बाहर (विभिन्न रिपोर्ट्स में अमेरिका या अजरबैजान में ठिकाने का दावा) रहकर गैंग का नेटवर्क संभालता है। जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर इसी के नाम से जिम्मेदारी ली गई थी।
4. अनिल पंडित
हरियाणा के पानीपत (रेरकलां गांव) का रहने वाला अनिल पंडित इस समय अमेरिका के कैलिफोर्निया से गैंग के नेटवर्क को हैंडल करने के आरोपों के घेरे में है। विदेश जाने के बाद उसका संपर्क रणदीप मलिक और हैरी बॉक्सर जैसे अपराधियों से हुआ और वह लॉरेंस गैंग से जुड़ गया। वर्तमान में वह गिरोह का मुख्य प्रवक्ता (माउथपीस) और जबरन वसूली-गोलीबारी नेटवर्क का अहम हिस्सा बताया जा रहा है, जिसने हाल ही में टाइगर श्रॉफ मामले में भी धमकी भरा पोस्ट जारी किया है।
5. टायसन बिश्नोई
टायसन बिश्नोई गिरोह का एक अन्य अंतरराष्ट्रीय रणनीतिकार और हैंडलर है, जिसके ऑस्ट्रेलिया में रहकर नेटवर्क संभालने की चर्चा है। कनाडा के कैलगरी में ड्रग माफिया लवजीत संधू के घर फायरिंग के बाद यह चर्चा में आया था। इसके अलावा, टायसन और आरजू बिश्नोई के नाम से सोशल मीडिया पर बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को भी धमकी देने के दावे सामने आ चुके हैं।
गैंग के भीतर बंटी हैं जिम्मेदारियां: किसकी क्या है भूमिका?
सुरक्षा एजेंसियों की छानबीन में यह बात सामने आई है कि लॉरेंस सिंडिकेट ने अपने आपराधिक और आतंकी नेटवर्क को बेहद व्यवस्थित तरीके से अलग-अलग विंग्स में बांट रखा है:
-
ऑपरेशनल और भर्ती विंग: इस विंग की कमान टायसन बिश्नोई, अनिल पंडित और हैरी बॉक्सर जैसे गुर्गों के हाथ में है, जो नए सदस्यों की भर्ती और वारदातों को अंजाम देने की व्यवस्था संभालते हैं।
-
प्लानिंग और फंडिंग विंग: इस हिस्से को आरजू बिश्नोई, शुभम लोनकर और रणदीप मलिक का एक अलग सिंडिकेट मिलकर संचालित करता है, जो वित्त पोषण और वारदातों की रूपरेखा तैयार करता है।
-
मुख्य प्रवक्ता (माउथपीस): सोशल मीडिया पर धमकियां देने और वारदातों की खुलेआम जिम्मेदारी लेने का जिम्मा मुख्य रूप से अनिल पंडित जैसे चेहरों को सौंपा गया है।


















