
गोवंश नहीं पकड़े जाने को लेकर क्षेत्र के लोगों में बढ़ रहा गुस्सा
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ।सरधना गोवंश की टक्कर से बैंककर्मी राहुल की मौत के बाद जाम लगाने वाले जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इसे लेकर ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश बना हुआ है। दूसरी ओर आवारा गोवंश नहीं पकड़े जाने को लेकर क्षेत्र के लोगों में लगातार गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
झिंझोखर निवासी राहुल की 3 दिन पहले आवारा गोवंश की चपेट में आकर मौत हो गई थी। जिसके बाद मेरठ-बड़ौत रोड पर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया था। अब पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य सम्राट मलिक सहित नौ लोगों पर संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पूठखास पुलिस चौकी प्रभारी बिजेंद्र की ओर से दर्ज मुकदमे में हंगामा करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के तहत धारा 147, 186 व 341 के तहत मामला दर्ज किया है। दूसरी ओर पुलिसिया कार्यवाही को लेकर क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। एक ओर जहां गोवंश एक सप्ताह के भीतर तीन लोगों की जान ले चुके हैं, वहीं दूसरी ओर अभी तक भी प्रशासन की ओर से आवारा गोवंश को पकड़ने के कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पुलिस कार्रवाई का होगा विरोध
ग्रामीणों का आरोप है, गोवंश की टक्कर से युवक की मौत के बाद परिवार को इंसाफ दिलाने वाले लोगों पर पुलिस ने जुल्म करते हुए एफआईआर दर्ज करके अच्छा नहीं किया। लोगों ने चेताते हुए कहा, पुलिसिया कार्रवाई का खुलकर कड़ा विरोध किया जाएगा।
प्रशासन को दिया तीन दिन का अल्टीमेटम
गुस्साए लोगों को कहना कि यदि शीघ्र ही इस संबंध में प्रशासन ने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो यह बड़े आंदोलन का रूप लिया जाएगा। दूसरी ओर जिला पंचायत सदस्य सम्राट मलिक ने 3 दिन का अल्टीमेटम पहले ही प्रशासन को दे रखा है।















