दिल्ली मेट्रो में दोहरी सनसनी: रोहिणी में बम की अफवाह से हड़कंप, इंद्रलोक में महिला टॉयलेट से मिला शव

नई दिल्ली: देश की धड़कन कही जाने वाली दिल्ली मेट्रो शनिवार को दो बड़ी और चौंकाने वाली घटनाओं का केंद्र बनी। एक तरफ जहां रोहिणी में बम होने की खबर ने सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फुला दिए, वहीं इंद्रलोक स्टेशन के महिला शौचालय में एक सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। इन दोनों घटनाओं ने मेट्रो परिसर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रोहिणी सेक्टर-18 में ‘बम’ का अलर्ट, घंटों चला सर्च ऑपरेशन

शनिवार शाम करीब 5:30 बजे उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस को स्टेशन परिसर में बम होने की सूचना मिली। कॉल मिलते ही दिल्ली पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता (BDS), बम डिटेक्शन टीम और CISF के जवान मोर्चा संभालने पहुंच गए। भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी देख यात्रियों में डर का माहौल पैदा हो गया। सुरक्षाकर्मियों ने कोने-कोने की तलाशी ली, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

मानसिक विक्षिप्त ने दी थी फर्जी सूचना

जांच के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली और इसे ‘फर्जी कॉल’ घोषित किया। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। गनीमत यह रही कि इस सर्च ऑपरेशन के दौरान मेट्रो की सेवाओं को बाधित नहीं किया गया और परिचालन सामान्य रूप से चलता रहा।

इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन: महिला शौचालय से आ रही थी तेज दुर्गंध

अभी रोहिणी की गुत्थी सुलझी ही थी कि शाम 5:33 बजे इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से एक और खौफनाक खबर आई। स्टेशन के सुलभ परिसर में स्थित महिला शौचालय काफी समय से अंदर से बंद था और वहां से असहनीय दुर्गंध आ रही थी। पीसीआर कॉल मिलने पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। शौचालय के भीतर करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था।

दो दिन से लापता था केयरटेकर, जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जांच के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का मानना है कि मृतक शौचालय का केयरटेकर था। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उसे आखिरी बार दो दिन पहले देखा गया था। अंदेशा जताया जा रहा है कि मौत दो दिन पहले ही हो गई थी, जिससे शव सड़ने लगा था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment