
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज के दौरान में बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपोर्ट स्टाफ के दो सदस्य जल्द ही अपने पद से हट सकते हैं। हालांकि, मुख्य कोच गौतम गंभीर के पद को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन उनका अनुबंध वर्ष 2027 तक होने के कारण फिलहाल उनके पद पर कोई तत्काल खतरा नहीं माना जा रहा है।
गौतम गंभीर ने जुलाई 2024 में भारतीय टीम के मुख्य कोच का पद संभाला था। उनके कार्यकाल में टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी, एशिया कप और टी20 विश्व कप जैसे बड़े खिताब अपने नाम किए। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। वहीं, श्रेयस अय्यर के कप्तान बनने के बाद टी20 क्रिकेट में भी टीम के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद कोचिंग स्टाफ में कई बदलाव किए गए थे। इसी दौरान दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल को भी गेंदबाजी कोच के रूप में टीम से जोड़ा गया था। अब एक बार फिर सपोर्ट स्टाफ में फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के साथ 2+1 वर्ष का अनुबंध किया था। यानी दो वर्ष पूरे होने के बाद बोर्ड और संबंधित कोच, दोनों के पास एक वर्ष के लिए अनुबंध बढ़ाने का विकल्प है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सपोर्ट स्टाफ का एक सदस्य इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की एक फ्रेंचाइजी के संपर्क में है, जिसके पास अन्य देशों की लीगों में भी टीमें हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ हालिया हार इन संभावित बदलावों का मुख्य कारण नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से कोचिंग स्टाफ में बदलाव पर चर्चा चल रही थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में मिली हार के बाद ड्रेसिंग रूम के भीतर मतभेद सामने आए थे। इसके अलावा चयनकर्ताओं और कोचिंग स्टाफ के बीच भी कुछ मुद्दों पर असहमति की खबरें सामने आईं, जिससे स्थिति और जटिल हो गई।
रिपोर्ट के अनुसार, संभावना जताई जा रही है कि इंग्लैंड दौरे के बाद जब भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे पर जाएगी, तब उसके साथ बदला हुआ कोचिंग स्टाफ हो सकता है। इस बीच बोर्ड के एक सदस्य ने वीवीएस लक्ष्मण को लगातार अंतरिम जिम्मेदारियां दिए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। सूत्रों के हवाले से कहा गया कि गौतम गंभीर को आईपीएल के दौरान लंबा ब्रेक मिला था, ऐसे में हर बार जिम्बाब्वे या एशियन गेम्स जैसे दौरों पर वीवीएस लक्ष्मण को भेजने का फैसला समझ से परे है। इससे यह भी संकेत मिलते हैं कि बोर्ड भविष्य के लिए नए विकल्पों पर विचार कर सकता है।
हालांकि, बीसीसीआई की ओर से कोचिंग स्टाफ में बदलाव या किसी सदस्य को हटाने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल इन खबरों को मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के रूप में देखा जा रहा है।













