Election Results 2026 LIVE: बंगाल-असम में ‘कमल’ की लहर, केरल में कांग्रेस की वापसी; तमिलनाडु में सुपरस्टार विजय का ‘सुनामी’ जैसा आगाज़

नई दिल्ली/चेन्नई: देश के पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों ने आज भारतीय राजनीति की पूरी तस्वीर बदल दी है। सुबह 8 बजे से जारी मतगणना के रुझानों में बड़े-बड़े दिग्गजों के पैर उखड़ते नजर आ रहे हैं। जहां पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत लगभग तय मानी जा रही है, वहीं दक्षिण के राज्यों ने सबको हैरान कर दिया है। तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने ‘शतक’ लगाकर क्लीन स्वीप की ओर कदम बढ़ा दिए हैं, तो केरल में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन खुद अपनी सीट पर पिछड़ रहे हैं।

तमिलनाडु में ‘विजय’ का धमाका: उदयनिधि स्टालिन पिछड़े, TVK बहुमत की ओर

तमिलनाडु की सियासत में आज एक नया सूरज उगता दिख रहा है। शुरुआती रुझानों में सुपरस्टार थलापति विजय की पार्टी TVK ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। सबसे चौंकाने वाली खबर चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी सीट से आ रही है, जहां उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन पीछे चल रहे हैं। TVK के सेल्वम डी यहाँ 1200 से अधिक वोटों से आगे हैं। TVK ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि वे बिना किसी बाहरी समर्थन के अपने दम पर सरकार बनाएंगे। विजय के घर के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

केरल में सत्ता परिवर्तन: सीएम पिनाराई विजयन पीछे, UDF को बहुमत

केरल में ‘लाल किला’ ढहता नजर आ रहा है। निर्वाचन आयोग (ECI) के आंकड़ों के अनुसार, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन अपनी धर्मडम सीट से कांग्रेस उम्मीदवार वी.पी. अब्दुल रशीद से करीब 2,800 वोटों से पीछे चल रहे हैं। राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF ने 71 सीटों का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। इस बड़ी जीत पर शशि थरूर ने कहा कि राज्य में बदलाव की जरूरत थी, हालांकि सीएम कौन होगा इसका फैसला आलाकमान करेगा।

बंगाल का दंगल: भवानीपुर में सुवेंदु अधिकारी ने बनाई बढ़त

पश्चिम बंगाल की सबसे चर्चित सीट भवानीपुर में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर 1,558 वोटों की बढ़त बना ली है। बंगाल के शुरुआती रुझानों में बीजेपी बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है। पार्टी की इस संभावित जीत को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम बीजेपी मुख्यालय पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

दिल्ली में जश्न: बीजेपी और कांग्रेस दोनों मुख्यालयों पर बज रहे ढोल

यह वर्षों बाद पहला मौका है जब दिल्ली में कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियों के मुख्यालयों पर एक साथ जश्न का माहौल है। केरल में कांग्रेस की बढ़त से उत्साहित कार्यकर्ता 24 अकबर रोड पर ढोल-नगाड़े बजा रहे हैं, वहीं बंगाल और असम में जीत की ओर बढ़ती बीजेपी के मुख्यालय पर भी मिठाइयां बंट रही हैं। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दावा किया है कि वे पांचों राज्यों में गठबंधन के साथ मजबूत जीत दर्ज करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha