नई दिल्ली/कोलकाता: देश के पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी—के विधानसभा चुनावों के नतीजे आज भारतीय राजनीति की नई दिशा तय कर रहे हैं। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के शुरुआती रुझानों ने सबको चौंका दिया है। फिलहाल की तस्वीर देखें तो 5 में से 4 राज्यों में एनडीए (NDA) गठबंधन आगे चल रहा है, जबकि केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ (UDF) चमत्कार करता नजर आ रहा है। बंगाल की 294 सीटों से लेकर पुडुचेरी की 30 सीटों तक, हर राउंड के साथ सियासी समीकरण बदल रहे हैं।
तमिलनाडु में ‘विजय’ का शंखनाद: स्टालिन पिछड़े, AIADMK-TVK में भीषण टक्कर
तमिलनाडु के रुझानों ने सबसे बड़ा ‘खेला’ कर दिया है। सुपरस्टार विजय की नई नवेली पार्टी TVK ने सत्ताधारी डीएमके (DMK) का खेल बिगाड़ दिया है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, बीजेपी समर्थित AIADMK गठबंधन 68 सीटों पर बढ़त के साथ सबसे आगे है, जबकि विजय की TVK 67 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की पार्टी मात्र 61 सीटों पर सिमटती दिख रही है। तमिलनाडु की जनता का यह रुझान द्रविड़ राजनीति में एक नए युग की शुरुआत का संकेत दे रहा है।
केरल में कांग्रेस की आंधी: ‘हम 100 सीटें जीतेंगे’ – के. सुरेश
जहाँ दक्षिण के अन्य राज्यों में एनडीए मजबूत है, वहीं केरल में कांग्रेस के लिए अच्छी खबर आ रही है। कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने दावा किया है कि राज्य में वामपंथी सरकार के खिलाफ भारी सत्ता विरोधी लहर (Anti-Incumbency) है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस गठबंधन करीब 100 सीटों पर जीत हासिल कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगा। शुरुआती रुझानों में भी कांग्रेस गठबंधन एलडीएफ (LDF) पर बढ़त बनाए हुए है।
बंगाल का महासंग्राम: सुवेंदु का बड़ा दावा- ‘ममता बनर्जी को हराऊंगा’
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर जारी गिनती के बीच नंदीग्राम और भवानीपुर की चर्चा सबसे तेज है। रुझानों के बीच बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पटखनी देंगे। बंगाल में दो चरणों में हुई रिकॉर्ड 93% और 90% वोटिंग का असर अब नतीजों में दिख रहा है, जहां बीजेपी और टीएमसी के बीच ‘तू डाल-डाल, मैं पात-पात’ वाली स्थिति बनी हुई है।
असम और पुडुचेरी: ‘कमल’ की लहर बरकरार
असम की 126 सीटों और पुडुचेरी की 30 सीटों पर भी एनडीए ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। असम में हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी गठबंधन बहुमत के आंकड़े की ओर बढ़ता दिख रहा है। वहीं, पुडुचेरी में भी एनडीए की वापसी के साफ संकेत मिल रहे हैं। इन रुझानों ने बीजेपी मुख्यालय में जश्न का माहौल पैदा कर दिया है, जहां पहले से ही जीत की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं।
हाई प्रोफाइल सीटों का क्या हाल?

असम में हिमंता बिस्वा सरमा आगे
असम विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जलुकबाड़ी विधानसभा सीट से आगे.
वहीं कांग्रेस नेता गौरव गोगोई जोरहाट विधानसभा सीट से बढ़त बनाए हुए हैं.
पहली बार बंगाल में BJP सरकार
पश्चिम बंगाल के रुझानों में भाजपा की सरकार बनती दिख रही है.
Assam Election Result: असम के रुझानों में तीसरी बार भाजपा सरकार














