पाक तक फैले 5 लाख फर्जी ई-मेल नेटवर्क का खुलासा: UP ATS ने कानपुर के अंकित को दबोचा, दिलजीत दोसांझ के शो और स्कूलों को बम से उड़ाने की दी थी धमकी

उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और देशविरोधी गतिविधियों पर कड़ा प्रहार करने के क्रम में यूपी एटीएस (UP ATS) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एटीएस ने कानपुर नगर से 24 वर्षीय अंकित शंखवार को गिरफ्तार कर पाकिस्तान, बांग्लादेश और अन्य विदेशी धरती तक फैले एक विशाल साइबर व फर्जी ई-मेल नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर विदेशों में बैठे संदिग्धों को बेचता था और इसके बदले क्रिप्टोकरेंसी (USDT) में भुगतान लेता था।

इन फर्जी ई-मेल आईडी का इस्तेमाल नोएडा, दिल्ली-एनसीआर, गुरुग्राम, मुंबई के स्कूलों, बॉलीवुड हस्तियों और प्रसिद्ध पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के लाइव शो को बम से उड़ाने की धमकियों में किया गया था। एटीएस ने आरोपी के पास से बरामद लैपटॉप में करीब 5 लाख फर्जी ई-मेल आईडी का विशाल डेटाबेस जब्त किया है।

पाकिस्तान और बांग्लादेश तक जुड़े तार, क्रिप्टो वॉलेट से होता था पैसों का लेन-देन

यूपी एटीएस के मुताबिक, आरोपी अंकित शंखवार वर्ष 2021 से इस गैर-कानूनी गतिविधि में संलिप्त था। वह अपनी असली पहचान छिपाने के लिए वाई-फाई और प्रॉक्सी नेटवर्क का सहारा लेता था। वह फेसबुक ग्रुप्स के माध्यम से पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्किये, मिस्र और अन्य देशों के संदिग्ध व्यक्तियों को ये आईडी बेचता था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बांग्लादेशी नागरिक अलामीन इस्लाम को फर्जी ई-मेल आईडी उपलब्ध कराई थी, जिसके एवज में उसे बाइनेंस क्रिप्टो वॉलेट के जरिए लगभग 6,000 यूएसडीटी (USDT) का भुगतान मिला था। आरोपी के पास से विदेशी नंबरों वाले कई व्हाट्सएप अकाउंट्स और क्रिप्टो ट्रांजैक्शन से जुड़े अहम साक्ष्य मिले हैं।

स्कूलों से लेकर दिलजीत दोसांझ के शो और मुंबई मेयर कार्यालय को दी गई थी धमकी

एटीएस द्वारा जब्त किए गए डिवाइस की जांच में सामने आया कि जिन ई-मेल आईडी से नोएडा, दिल्ली और गुरुग्राम के नामी स्कूलों को धमकी भरे पत्र भेजे गए थे, वे आरोपी के लैपटॉप से ही बनाई गई थीं। इन धमकियों में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ और ‘बब्बर खालसा’ जैसे आतंकी संगठनों का नाम लिखकर दहशत फैलाने का प्रयास किया गया था।

इसके अलावा, आरोपी के पास से वही ई-मेल आईडी भी बरामद हुई है, जिससे 23 अक्टूबर 2026 को मुंबई स्थित मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई थी। इसी नेटवर्क के जरिए पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के दिल्ली-एनसीआर में आयोजित होने वाले कॉन्सर्ट और एक प्रमुख बॉलीवुड अभिनेता के आवास को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी।

5 लाख ई-मेल आईडी का डेटाबेस जब्त, एटीएस लेगी पुलिस कस्टडी रिमांड

गिरफ्तारी के दौरान बरामद लैपटॉप की एक्सेल फाइलों में 5 लाख से अधिक ई-मेल आईडी का डेटा मिला है, जिसमें उनके संबंधित पासवर्ड, रिकवरी मेल और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) कोड्स भी पूरी तरह दर्ज थे।

इस गंभीर मामले को लेकर लखनऊ के एटीएस थाने में संबंधित कानूनी धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। एटीएस अब आरोपी को अदालत में पेश कर उसकी पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) हासिल करने की तैयारी में है, ताकि इस साइबर और आतंकी नेटवर्क के पीछे छिपे अन्य विदेशी आकाओं और भारतीय मददगारों का पर्दाफाश किया जा सके।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha