Farrukhabad : डीएम ने राजेपुर सीएचसी की टटोली नब्ज, मरीजों से लेकर व्यवस्थाओं तक की पड़ताल

  • वार्डों में पहुंचकर मरीजों से जाना इलाज का हाल, दवा, साफ-सफाई और इमरजेंसी सेवाओं की परखी हकीकत
  • स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, जिम्मेदारों पर तय होगी जवाबदेही
Farrukhabad: सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह बनाने की कवायद के बीच जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गुरुवार को अमृतपुर तहसील स्थित राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। बिना पूर्व सूचना अस्पताल पहुंचीं डीएम ने वार्डों, ओपीडी और विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने भर्ती मरीजों और तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार, दवा की उपलब्धता और अस्पताल की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, ओपीडी संचालन, आपातकालीन सेवाओं, दवा वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अस्पताल के अभिलेखों का गहन परीक्षण किया। मरीजों से बातचीत के दौरान उन्होंने उपचार मिलने में लगने वाले समय, चिकित्सकों के व्यवहार और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

डीएम ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने, आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने तथा सभी स्वास्थ्य सेवाओं को शासन की मंशा के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल आमजन के भरोसे का केंद्र हैं और यहां किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने अथवा कार्य के प्रति शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि आमजन को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सुलभ, भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिलें। इसके लिए प्रत्येक चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी को सेवा भावना, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि अस्पतालों की नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha