
कुछ दिन पहले ही सौ शैया चिकित्सालय को मिला था कायाकल्प का अवार्ड
भास्कर समाचार सेवा
वृंदावन । नगर के सौ शैय्या अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में आग लगने से हड़कंप मच गया। अस्पताल में धुंआ भरने से मरीज और स्टाफ में अफरा तफरी फैल गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही पर दमकल विभाग ने चेतावनी नोटिस जारी करने की बात कही है। बताया जाता है, कि सोमवार की दोपहर पैथोलॉजी लैब के एयर कंडीशन में शार्ट सर्किट से आग लग गई, लेकिन अस्पताल कर्मियो ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और कुछ ही देर में आसपास की मशीनों ने भी आग पकड़ ली। जिससे पूरे अस्पताल में धुंआ फैल गया। जिससे मौजूद मरीज और स्टाफ का दम घुटने लगा। इस पर दमकल विभाग को आग लगने की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची दो दमकल गाड़ियों की मदद से विभागीय कर्मियो ने स्थिति पर काबू पाया। यहां बताते चलें कि अस्पताल में अग्नि सुरक्षा को लेकर कोई ठोस इंतजाम नही है। करीब तीन साल से फायर सेफ्टी सिस्टम पूरी तरह जर्जर हो चुका है। जिसकी शिकायत उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से भी की जा चुकी है, लेकिन कोई गंभीर कदम नही उठाया गया। अस्पताल प्रबंधन और शासन की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे को जन्म दे सकती है।











