पुलिस मुठभेड में चर्चित ज्वैलर्स लूटकाण्ड के पांच अभियुक्त गिरफ्तार

  • पुलिस की गोली से तीन घायल, लूट के लगभग 500 ग्राम सोने की ज्वैलरी बरामद
  • पेट्रोल पम्प सेल्स मैन से लूट की वारदात को भी दिया अंजाम

प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीना के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जनपद में चलाये जा रहे अभियान के क्रम में थाना कोतवाली नगर, थाना कोहड़ौर पुलिस व स्वाट टीम को पुलिस मुठभेड़ में थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के चर्चित ज्वैलर्स लूट काण्ड के 05 अभियुक्तों (तीन घायल अभियुक्त सहित) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध असलहे, दो मोटर साइकिल व लूट के लगभग 500 ग्राम सोने के जेवरात (कीमत लगभग 25 लाख रू0) बरामद करने में सफलता मिली है।
घायल अभियुक्तों में अभिषेक सरोज पुत्र नेपाल सरोज नि0 कस्बा कोहड़ौर, थाना कोहड़ौर, शोहेल हैदर पुत्र फारुख अहमद नि0 वासूपुर थाना कोहड़ौर व हलीम पुत्र मो0 कुद्दूस नि0 कूरेडीह भगवत गंज थाना रानीगंज शामिल रहे। गिरफ्तार अभियुक्तों में इरशाद उर्फ गुडडू पुत्र मो0 इशरार नि0 सिथईपुर थाना मान्धाता, संजय सोनी पुत्र स्व0 दीन दयाल सोनी नि0 मदुरा रानीगंज थाना कोहड़ौर रहे।

बता दें कि 7 जनवरी 2021 को सुबह लगभग 09ः25 बजे थाना क्षेत्र कोतवाली नगर के श्याम बिहारी गली में सर्राफा व्यवसायी सुरेश कुमार सोनी पुत्र दूधनाथ सोनी नि0 श्याम बिहारी गली थाना कोतवाली नगर जनपद प्रतापगढ़ की सर्राफा दुकान से अज्ञात बदमाशों द्वारा असलहे के बल पर लगभग 90 लाख रू0 की ज्वैलरी व नगदी लूट की गई थी। इस अभियोग से सम्बन्धित 08 अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस प्रयासरत थी। इसी क्रम में पुलिस द्वारा शुक्रवार की रात्रि में 11 बजे से एक बजे तक चेकिंग लगाई गई थी। इसी क्रम में थाना कोहड़ौर पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के चण्डीधाम तिराहे पर चेकिंग के लिये दो बाइक पर सवार पांच व्यक्तियों को रोका गया तो रूकने की जगह वे भागने लगे जिनका पुलिस टीम द्वारा पीछा किया गया तो उनके द्वारा फायरिंग की जाने लगी।

इस पर पुलिस टीम द्वारा दी गई सूचना पर आगे थानाक्षेत्र कोतवाली नगर के ग्राम गोड़े के पास स्वाट टीम व कोतवाली नगर पुलिस द्वारा उक्त व्यक्तियों को घेराबन्दी कर रोकने का प्रयास किया गया तो उक्त अभियुक्तों द्वारा यहां भी पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसमें दो बदमाशों द्वारा आत्मसमर्पण कर दिया गया, जबकि तीन बदमाशों ने फायरिंग जारी रखी। इस पर पुलिस टीम द्वारा न्यूनतम बल के सिद्वान्त का पालन करते हुये आत्मरक्षार्थ फायर किया गया, जिसमें तीन अपराधी अभिषेक सरोज, शोहेल हैदर व हलीम को गोली लगी जिन्हे घेर कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये अभियुक्तों की जामा तलाशी ली गई जिसमें तीन अदद तमन्चा, 10 कारतूस, भारी मात्रा में सोने के जेवरात, नगदी व मौके से दो मोटर साइकिल बरामद किया गया।

घायल अभियुक्तों को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ भेजा गया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा बरामद जेवरात के सम्बन्ध में बताया गया कि 7 जनवरी 2021 को हम लोगों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर श्याम बिहारी गली के सुरेश कुमार सोनी के सर्राफा की दुकान में लूट की थी, हमारे पास से बरामद जेवरात उसी लूट से सम्बन्धित जेवरात हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों से कड़ाई से पूछताछ में अभियुक्तगण अभिषेक सरोज, शोहेल हैदर तथा इरशाद उर्फ गुड्डू द्वारा 5 जनवरी 2021 की देर रात्रि थाना क्षेत्र कोहड़ौर में स्थित मकूनपुर पेट्रोल पम्प पर सेल्स मैन को असलहा दिखाकर लगभग 30 हजार रू0 लूट लेने की बात स्वीकार किया गया है। उक्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी व बरामदगी में सम्मिलित पुलिस टीम को पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र प्रयागराज द्वारा रूपया 50 हजार तथा पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ द्वारा रूपया 25 हजार का पुरस्कार दिया गया है।

खबरें और भी हैं...