फ्लाईदुबई कॉकपिट ड्रामा: ओमान के को-पायलट ने कैप्टन पर किया चाकू से हमला, भारतीय पायलट स्मित माछर ने लहूलुहान होकर भी बचाई 180 यात्रियों की जान

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान बुधवार को आसमान में एक बड़ी हवाई त्रासदी बनने से बाल-बाल बच गई। फ्लाइट संख्या FZ1073 के कॉकपिट के भीतर कैप्टन और को-पायलट के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद अफरा-तफरी मच गई। विमान में सवार लगभग 180 यात्रियों की जान तब दांव पर लग गई, जब ओमानी को-पायलट ने कथित तौर पर विमान को क्रैश करने की कोशिश की। हालांकि, फ्लाइट के साहसी भारतीय कैप्टन स्मित माछर ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अपनी जान पर खेलकर सऊदी अरब में विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा ली।

कॉकपिट में हिंसक झड़प और चाकू से हमला, ‘7500’ हाईजैक कोड से मच गया हड़कंप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित माछर और ओमानी को-पायलट के बीच अचानक कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक हो गई। रिपोर्ट्स और यात्रियों के बयानों के मुताबिक, को-पायलट ने कैप्टन माछर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। कॉकपिट से आ रही चीख-पुकार और आपातकालीन स्थिति के बीच विमान से ‘7500’ ट्रांसपोंडर कोड भेजा गया। एटीसी (Air Traffic Control) की भाषा में इस कोड का इस्तेमाल विमान अपहरण (हाईजैक) या गैरकानूनी हस्तक्षेप की सूचना देने के लिए किया जाता है।

लहूलुहान होने के बाद भी लड़े भारतीय कैप्टन, सऊदी अरब में सुरक्षित उतारी फ्लाइट

चाकू लगने से बुरी तरह जख्मी होने के बावजूद भारतीय कैप्टन स्मित माछर ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने को-पायलट के विमान को क्रैश कराने के इरादे को नाकाम करते हुए उससे डटकर मुकाबला किया और कॉकपिट का नियंत्रण अपने हाथ में लिया। कैप्टन माछर ने तत्काल आपातकालीन संकेत भेजकर फ्लाइट का मार्ग सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया और 180 यात्रियों की सुरक्षित लैंडिंग कराई। फ्लाईदुबई ने पुष्टि की है कि सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।

कौन हैं जांबाज कैप्टन स्मित माछर?

यात्रियों के लिए मसीहा बनकर उभरे कैप्टन स्मित माछर के पास कमर्शियल एविएशन का 13 साल से अधिक का विशाल अनुभव है। वह साल 2022 में फ्लाईदुबई में सीधे कैप्टन के पद पर शामिल हुए थे। इससे पहले वह 11 वर्षों तक भारतीय एयरलाइन स्पाइसजेट (SpiceJet) से जुड़े रहे, जहां उन्होंने सीनियर कमांडर और लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के रूप में सेवाएं दी थीं। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, उन्हें बोइंग 737 विमानों पर 9,750 से अधिक उड़ान घंटों का अनुभव है, जिसमें बतौर पायलट-इन-कमांड 6,400 घंटे शामिल हैं।

इजराइल के रक्षा मंत्री ने बताया ‘जिहादी आतंकी हमला’, आरोपी को-पायलट गिरफ्तार

इस घटना पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। इजराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने इसे एक ‘जिहादी आतंकवादी हमले का प्रयास’ करार देते हुए कहा कि शुरुआती जांच से स्पष्ट है कि को-पायलट का इरादा पूरे विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने का था। वहीं इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बताया कि सऊदी अरब के अधिकारियों ने आरोपी ओमानी को-पायलट को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि यह घटना विमान का अपहरण नहीं थी और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha