फ्लाईदुबई कॉकपिट ड्रामा: हवा में गोते खाता रहा प्लेन, खौफ के बीच यात्रियों ने बयां की कॉकपिट में मची चीख-पुकार और खून-खराबे की दास्तान

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या FZ-1073 में हवा में हुए भयानक कॉकपिट हमले को लेकर यात्रियों के रोंगटे खड़े कर देने वाले प्रत्यक्षदर्शी बयान सामने आए हैं। जब प्लेन अचानक हवा में गोते खाने लगा, तो यात्रियों को लगा कि यह किसी टर्बुलेंस का असर है, लेकिन हकीकत में कॉकपिट के भीतर भारतीय कैप्टन स्मित माछर और आरोपी ओमानी को-पायलट के बीच जिंदगी और मौत की हिंसक जंग चल रही थी।

“20-30 सेकंड तक नीचे गिरता रहा प्लेन, 11 सितंबर जैसी घटना का होने लगा अहसास”

विमान में सवार यात्री अल्मोग इटली ने घटना के खौफनाक पलों को याद करते हुए बताया, “विमान 20-30 सेकंड तक लगातार नीचे गिरता रहा, फिर संभला और दोबारा नीचे गिरने लगा। इसी दौरान हमने देखा कि केबिन के अगले हिस्से और कॉकपिट के पास अफरा-तफरी मची हुई थी और लोग चीख-पुकार मचा रहे थे।”

वहीं एक अन्य यात्री डेनियल ने घटना को आतंकी हमले का प्रयास बताते हुए कहा, “जब प्लेन तेजी से नीचे की ओर गोता लगा रहा था और घूम रहा था, तब ऐसा लगा कि बस, अब सब खत्म हो चुका है। हमें लग रहा था कि 11 सितंबर जैसी भयानक घटना एक बार फिर दोहराई जा रही है। हाथापाई के दौरान मैंने चीखें सुनीं और कॉकपिट के पास पायलट का खून जमीन पर बिखरा देखा।”

बाथरूम से लौट रहे यात्री ने देखी हाथापाई, ‘मदद-मदद’ चिल्ला रहे थे घायल कैप्टन

न्यूयार्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यात्री मिरियम ओहायोन ने इजरायली मीडिया को बताया कि यह खौफनाक मंजर टेकऑफ के लगभग दो घंटे बाद शुरू हुआ। जब एक यात्री बाथरूम से लौट रहा था, तब उसने कॉकपिट के अंदर भयंकर हाथापाई देखी और तुरंत अन्य यात्रियों को सचेत किया। ओहायोन की मां यास्मिन ओहायोन-अबुकासिस ने बताया कि उनकी बेटी के मुताबिक, कॉकपिट का दरवाजा खुलने पर चारों तरफ खून ही खून बिखरा हुआ था और चाकू से लहुलूहान हुए भारतीय कैप्टन लगातार “मदद, मदद” चिल्ला रहे थे।

इजरायली यात्रियों ने आरोपी को-पायलट पर पाया काबू, 20-25 मिनट तक चली मशक्कत

कॉकपिट में हमलावर को-पायलट को काबू में करने वाले इजरायली नागरिक जिका मानेस ने बताया, “आरोपी पायलट को काबू करने और स्थिति को संभालने में हमें लगभग 20 से 25 मिनट का समय लगा। यह बेहद नाजुक और भयावह स्थिति थी। जब को-पायलट भारतीय कैप्टन पर चाकू से हमला कर रहा था, तब वे हाथापाई के दौरान कॉकपिट के दरवाजे से बाहर गिर पड़े थे।”

सऊदी अरब में मिला गर्मजोशी से स्वागत, सुरक्षित कराई गई लैंडिंग

यात्रियों के अनुसार, Reserve Crew और भारतीय कैप्टन के अदम्य साहस के चलते विमान का संतुलन वापस बनाया गया और सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। यात्रियों ने बताया कि सऊदी अरब पहुंचने पर स्थानीय अधिकारियों, मेडिकल स्टाफ और राहत टीमों ने भोजन, पानी और चिकित्सा सहायता के साथ उनका बहुत ही गर्मजोशी से स्वागत किया और सभी 180 यात्रियों की जान सुरक्षित बच सकी।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha