
दो चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में पुलिस ने किया सामान बरामद
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ।सरधना सरूरपुर पुलिस को उस वक्त बड़ी कामयाबी मिली, जब उसने सर्विलांस टीम की मदद से तीन माह से पुलिस की नाक में दम करने वाले ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया। गैंग के सक्रिय सदस्य मुजीब और जावेद को गिरफ्तार करने के बाद माल की बरामदगी करने के साथ ही उनके अन्य साथियों की भी जानकारी हासिल की। बदमाशों के कब्जे से चोरी का तार, आयरन कोर व ऑयल समेत काफी सामान बरामद किया गया।
एसपी देहात अनिरुद्ध कुमार ने थाना सरधना में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया, सीओ सरधना बृजेश कुमार के निर्देशन में थाना सरूरपुर क्षेत्र में सरधना-बिनौली रोड करनवाल गेट पास से थाना सरुरपुर पुलिस व सर्विलास टीम की संयुक्त कार्रवाई में अन्तरजनपदीय विद्युत टांसफार्मर, बिजली के तार व सामानों की चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य मुजीब पुत्र मोहम्मद हसन व जावेद पुत्र तैय्यब निवासीगण कस्बा हर्रा थाना सरूरपुर को गिरफ्तार किया गया। जिनके कब्जे एक प्लासटिक जरी कैन में ट्रांसफार्मर का तेल, ट्रांसफार्मर के अंदर की कॉयल, एक बंडल बिजली की लाइन का तार वजनी करीब दस किलोग्राम व चोरी करने में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए। विद्युत चोरी के सामान को लाने ले जाने में प्रयोग की गयी एक स्विफट डिजायर कार बरामद की गयी। मुजीब व जावेद की निशादेही पर जनपद शामली के कुछ स्थानों से चोरी किए गए विद्युत सामान को बरामद किया गया।
बावला व ओना के साथ मिलकर की घटनाएं
मुजीव व जावेद द्वारा बताया गया कि सभी चोरी की घटना को अपने साथी शाहरुख उर्फ बावला व शाहनवाज उर्फ ओना उर्फ छोटू पुत्रगण तरीकत निवासीगण ग्राम मैनापुडी थाना सरुरपुर के साथ मिलकर अन्जाम दिया गया है। गिरोह द्वारा जनपद के विभिन्न थानों में बिजली के ट्रांसफार्मर तार आदि सामानों की चोरी की घटनाओं को अन्जाम दिया गया है।













