
जॉर्जिया। अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां कुछ ही मिनटों में मातम में तब्दील हो गईं। डॉसनविले स्थित एक लग्जरी वेडिंग वेन्यू में शादी के बंधन में बंधे एक नवविवाहित जोड़े का हेलीकॉप्टर उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इस दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय दूल्हे (जो खुद एक पेशेवर पायलट था) और हेलीकॉप्टर के पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नई-नवेली दुल्हन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के लगभग चार महीने बाद पीड़ित दुल्हन ने वेडिंग वेन्यू और हेलीकॉप्टर ऑपरेटर कंपनी के खिलाफ अदालत में लापरवाही का मुकदमा दर्ज कराया है।
10 साल पुराना प्यार, शादी की रात ही हुआ हादसा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जेस्नी सैम और डेव फिजी (दूल्हा) का रिश्ता पिछले 10 वर्षों से अधिक पुराना था। जॉर्जिया के ‘द रेवरे’ (The Revere) नाम के एक आलीशान वेडिंग वेन्यू में सैकड़ों मेहमानों की मौजूदगी में दोनों की धूमधाम से शादी संपन्न हुई थी। रिसेप्शन खत्म होने के बाद, रात करीब 9:30 बजे नवविवाहित जोड़े को एक होटल ले जाने के लिए ‘हेलीकॉप्टर सेंड-ऑफ’ का आयोजन किया गया था।
पायलट दूल्हे ने जताई थी खराब मौसम पर चिंता
डेल्टा एयरलाइंस में काम करने वाले दूल्हे डेव फिजी खुद एक कुशल पायलट थे। उड़ान भरने से ठीक पहले उन्होंने खराब मौसम, तेज बारिश और कम दृश्यता (विजिबिलिटी) को लेकर गंभीर चिंता जताई थी।
डेव के पिता के अनुसार, डेव ने स्पष्ट कहा था कि “वह खुद ऐसे मौसम में उड़ान नहीं भरता।” हालांकि, ऑपरेटर ने अधिक ऊंचाई पर उड़ने का हवाला देते हुए हेलीकॉप्टर को टेक-ऑफ करा दिया। उड़ान भरने के महज कुछ ही मिनटों बाद हेलीकॉप्टर एक घने जंगलों वाले इलाके में ऊंचे पेड़ों से टकराकर क्रैश हो गया।
मलबे में पति के शव के नीचे 6 घंटे दबी रही दुल्हन
अदालत में दायर मुकदमे के मुताबिक, क्रैश के बाद जेस्नी बेहोश हो गई थीं। उनके हिप, पैर, गर्दन, उंगलियों, बांह और पेट में गंभीर फ्रैक्चर और गहरी चोटें आईं। लगभग छह घंटे तक वह भीषण दर्द और मलबे में अपने मृत पति के शव के नीचे दबी रहीं। इस भयावह हादसे के बाद जेस्नी अब भी डिप्रेशन, पीटीएसडी (PTSD) और उड़ान के खौफ से गुजर रही हैं।
वेडिंग वेन्यू और ऑपरेटर कंपनी पर केस
पीड़ित दुल्हन ने वेडिंग वेन्यू ‘द रेवरे’ और हेलीकॉप्टर कंपनी ‘प्रेस्टीज हेलिकॉप्टर्स’ (Prestige Helicopters) पर कानूनी शिकंजा कसा है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि खराब मौसम, बारिश और घने कोहरे की चेतावनी के बावजूद सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर जानबूझकर जोखिम उठाया गया और उड़ान रद्द नहीं की गई, जिसके कारण यह जानलेवा हादसा हुआ।













