गाजियाबाद : बाथरूम में नहा रही महिला का पड़ोसी किराएदार ने बनाया वीडियो, मोबाइल चेक करने पर खुला राज; आरोपी पर केस दर्ज

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश): गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां पड़ोस में रहने वाले एक किराएदार पर बाथरूम में नहा रही महिला का छिपकर वीडियो बनाने का गंभीर आरोप लगा है। महिला की तत्परता और सूझबूझ से आरोपी की यह करतूत पकड़ी गई। पीड़िता के पति की शिकायत पर विजयनगर थाना पुलिस ने शनिवार देर रात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाथरूम की खिड़की से बनाया वीडियो, महिला की नजर पड़ते ही भागा

पुलिस को सौंपी गई शिकायत के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर करीब 1 बजे की है। पीड़िता विजयनगर इलाके में स्थित अपने घर के बाथरूम में नहा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में किराए पर रहने वाले भूपेश कुमार नामक युवक ने छिपकर अपने मोबाइल फोन से महिला का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। नहाने के दौरान अचानक महिला की नजर मोबाइल कैमरे पर पड़ गई। महिला के शोर मचाने और उसे देखते ही आरोपी भूपेश घबराकर मौके से फरार हो गया।

पति ने मोबाइल चेक किया तो मिला वीडियो, पुलिस पहुंची मौके पर

घटना से सहमी महिला ने तुरंत अपने पति को फोन कर पूरी आपबीती बताई। महिला का पति आनन-फानन में घर पहुंचा और आरोपी किराएदार भूपेश को पकड़कर उसका मोबाइल फोन चेक किया। आरोपी के मोबाइल में पीड़िता का वीडियो बरामद होते ही मामले की सूचना तुरंत विजयनगर थाना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, एसीपी बोलीं— होगी सख्त कार्रवाई

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी भूपेश कुमार के खिलाफ विजयनगर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha