
- ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
Saidpur, Ghazipur : कोतवाली क्षेत्र के भीरा बलुवा गांव में गुरुवार को खेत में काम कर रही मां को पोल में उतरे करंट लगा तो बचाने गई बेटी भी करंट की चपेट में आ गई।जिससे दोनों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राममूरत की पत्नी सीमा देवी(45) सुबह खेत में घास काटने गई थीं। बारिश होने के कारण खेत से सटे बिजली के खंभे में लगे तार में उतरे करंट की चपेट में आ गईं। मां को तड़पता देख उसकी 15 वर्षीय पुत्री खुशी यादव बिना अपनी जान की परवाह किए उन्हें बचाने दौड़ पड़ी, लेकिन वह भी करंट की जद में आ गई। कुछ ही क्षणों में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा रहा। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खेत के पास लगे बिजली के खंभे में काफी समय से करंट उतर रहा था। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई, लेकिन अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते खराबी दूर कर दी जाती तो मां-बेटी की जान बचाई जा सकती थी। कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह ने कहा कि तहरीर के आधारा मुकदमा दर्ज कर लिया गया है कार्रवाई की जा रही है।

एसडीएम ज्योति चैरसिया ने बताया कि बारिश के कारण खेत में लगा बिजली के पोल में लगे तार में करंट आने घास काटने गई मां को करंट लगा। यह देख बेटी बचाने गई वह भी करंट की चपेट में आ गई। जिससे दोनों की मौत हो गई। उसके परिजन को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जायेगा। तत्कालिक व्यवस्था की जा रही है।











