गोंडा : निषाद पार्टी नेता विनोद साहनी की इलाज के दौरान मौत, 3 आरोपी गिरफ्तार, लापरवाही में SO और चौकी इंचार्ज समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के थाना परसपुर क्षेत्र में बीते 9 सितंबर की रात बाइक सवार बदमाशों के जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल निषाद पार्टी के नेता और स्थानीय व्यापारी विनोद साहनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका इलाज लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। घटना से भड़के निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के कड़े रुख और अल्टीमेटम के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारी (SO) और चौकी इंचार्ज समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

धारदार हथियार से हमला करने के बाद मारी थी गोली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परसपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी निषाद पार्टी नेता और व्यापारी विनोद साहनी पर 9 सितंबर की रात बाइक सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था। बदमाशों ने पहले धारदार हथियार से वार किया और फिर गोली मारकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था। लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने दिया अल्टीमेटम, 3 नामजद आरोपी गिरफ्तार

विनोद साहनी की मौत की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद लखनऊ मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने गोंडा पुलिस व प्रशासन को कार्रवाई के लिए कड़ा अल्टीमेटम दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 3 नामजद और 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। गोंडा के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक झा ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शुभम और सुभाष समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज निलंबित, नए प्रभारियों की तैनाती

घटना में कार्य के प्रति लापरवाही और शिथिलता बरतने के आरोप में एसपी अभिषेक झा ने कड़ा रुख अपनाया है:

  • निलंबन: परसपुर के थानाध्यक्ष (उप निरीक्षक) कमल शंकर चतुर्वेदी, शाहपुर चौकी प्रभारी (उप निरीक्षक) अंकित सिंह और बीट आरक्षी अभिमन्यु भारती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

  • नई तैनाती: कृष्ण गोपाल राय को नया थानाध्यक्ष परसपुर और निशा निषाद को शाहपुर चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट बनी हत्या की वजह

एसपी अभिषेक झा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आरोपियों ने बताया कि विनोद कुमार साहनी सोशल मीडिया पर एक वर्ग विशेष के खिलाफ लगातार भड़काऊ पोस्ट शेयर कर रहे थे। इसी बात से सभी आरोपी बेहद नाराज थे और इसी आवेश में आकर उन्होंने साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha