
गोरखपुर। खोराबार इलाके के भैंसहा गोला मार्ग पर मंगलवार की रात में बाइक सवार बदमाशों ने मेडिकल स्टोर संचालक 48 वर्षीय राम आसरे मौर्य को ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक दुकान बंद करके घर के लिए निकला था। एसएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण कर टीम गठित कर घटना के अविलम्ब खुलासे का निर्देश दिया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने 13 नामजदों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही।
मिली जानकारी के मुताबिक, झंगहा थाना क्षेत्र के रामपुर कोइराना टोला के रहने वाले राम आसरे मौर्या खोराबार थाना क्षेत्र के भैंसहा बल्ली चौराहे पर मेडिकल स्टोर चलाते हैं। मंगलवार की रात करीब 8.30 बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। मेडिकल स्टोर से घर की दूरी करीब दो किमी है। अभी वे पांच सौ मीटर आगे ही बढ़े थे कि बदमाशों ने उन्हें गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी और फरार हो गए। रास्ते से गुजर रहे एक व्यक्ति ने बाइक के साथ गिरे हुए व्यक्ति को देखा तो उसे दुर्घटना की आशंका हुई। मौके पर पहुंच नजदीक से देखने पर गोली मारकर हत्या देख उसने पुलिस को सूचना दी।
बदमाशों ने मेडिकल स्टोर संचालक के सिर और सीने में गोली मारी गई थी। सूचना के बाद खोराबार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर एसएसपी जोगेन्द्र कुमार समेत एसपी व सीओ ने भी मौके पर पहुंच घटना स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित लोगों से बातचीत की। एसएसपी के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए खोराबार, झंगहा व एसओजी व स्वाॅट टीम को हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के साथ मामले के खुलासे के लिए लगाया गया है। मृतक के भाई रामनयन मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने झगहा थाना क्षेत्र के गहिरा निवासी रघुनाथ ,रामधनी रामनाथ ,रामदिहल तथा शिवपुर गांव निवासी केशव सिंह, पंकज सिंह कोतवाली थाना क्षेत्र के ओम प्रकाश जायसवाल, जीवन जयसवाल, खोराबार थाना क्षेत्र के जवाहर यादव उनकी बहू सीमा कुशीनगर जनपद के मठिया बुजुर्ग निवासी अभय दुबे खोराबार थाना क्षेत्र के जंगल सिकरी निवासी संजय कुमार शुक्ला बांसगांव थाना क्षेत्र के रावतपार गांव निवासी पंकज शाही के खिलाफ धारा 147,148 ,149, 34 व 302 आईपीसी के तहत मुकदमा पंजीकृत कर मामले की छानबीन कर रही।
खुलासे के करीब पहुंची पुलिस, एक हिरासत मे
गोरखपुर। भैसहा के बल्ली चौराहे पर मेडिकल स्टोर संचालक राम आसरे मौर्य 48 वर्ष की मौत के मामले में एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम घटना के खुलासे के करीब पहुंच गई है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने मामले से संबंधित एक हत्यारोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही।












